आगरा: अपने नेता को अंतिम विदाई देने के लिए ताजनगरी के बहुत से भाजपाई सोमवार को नरौरा घाट पहुंचे। नम आंखों से उन्होंने बाबूजी को विदाई दी। उनके अंतिम दर्शन करने के लिए कुछ कार्यकर्ता रविवार रात को ही अलीगढ़ पहुंच गए थे। अधिकांश नेता व कार्यकर्ता सोमवार सुबह नरौरा पहुंचे।

भाजपाइयों में शोक की लहर

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह (बाबूजी) का अंतिम संस्कार सोमवार को नरौरा घाट पर हुआ। बाबूजी का ताजनगरी के भाजपा नेताओं से काफी लगाव था। कार्यकर्ता भी उन्हें काफी चाहते थे। वह इतने सरल स्वभाव के थे कि अधिकांश कार्यकर्ताओं को भी नाम से पुकारते थे। आगरा से उनकी काफी यादें भी जुड़ी हैं। बीते शनिवार को जैसे ही उनके निधन का समाचार मिला तो ताजनगरी के भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो। एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अनिल सेंगर, नगेंद्र प्रसाद दुबे गामा, केपी सिंह फौजदार, सुमित उपाध्याय आदि ने नरौरा पहुंचकर बाबूजी को अंतिम विदाई दी।