आगरा। ताजनगरी में सर्दी अब जानलेवा हो गई है। शनिवार को आगरा जनपद में दो लोगों की मौत हो गई। ताजनगरी में सर्दी का नौ साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शनिवार दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री कम 10.1 डिग्री (एयरफोर्स स्टेशन में 9.9 डिग्री) दर्ज किया गया। इससे पहले 19 जनवरी 2010 को अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री रहा। दिन में धुंध छाए रहने से लोग ठिठुरे रहे, बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया।

ट्रेन में पैसेंजर ने तोड़ा दम

चित्रकूट निवासी 55 वर्षीय चोखेलाल अपने परिजनों के साथ यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से राजस्थान के बालाजी दर्शन करने जा रहे थे। जनरल बोगी में सफर कर रहे चोखेलाल झांसी के बाद अचानक कंपकंपाने लगे और उनकी तबियत बिगड़ गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते तब तक उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था। मदद के लिए कंट्रोल रूम फोन किया। ट्रेन के आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी पहुंची, लेकिन तब तक चोखेलाल की मौत हो चुकी थी। मृतक के पुत्र तीर्थराम ने बताया कि चोखेलाल हृदय रोगी थे। उनका इलाज चल रहा था।

सीकरी में ठंड से किसान की मौत

वहीं सीकरी के के मुडि़या खेरा निवासी 51 वर्षीय किसान करतार सिंह की भीषण ठंड के चलते हालत बिगड़ गयी। वह खेत में पानी लगाने के लिए गए थे। परिजन जब उन्हें घर लाए तब तक उनकी मौत हो गई।

4.1 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

सुबह घना कोहरा छाने के साथ बर्फीली हवा चली, सुबह नौ बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक रही। 10 बजे के बाद धुंध छा गई, एक बजे तक धुंध छाई रही। लोग घरों में कैद होकर रह गए। दोपहर दो बजे कुछ देर के लिए धूप निकली लेकिन धुंध में सूरज छिप गए। अधिकतम आ‌र्द्रता 100 फीसद तक पहुंचने से गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे। शाम को सर्द हवा तेज हो गई, रात में गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री कम 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.1 डिग्री दर्ज किया गया।

न्यूनतम और अधिकतम तापमान में छह डिग्री का अंतर

न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री दर्ज किया गया, दिन में धुंध छाए रहने से अधिकतम तापमान 10.1 डिग्री तक पहुंच गया। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में छह डिग्री का अंतर दर्ज किया। सुबह और दिन के तापमान में मामूली अंतर से लोग सर्दी में ठिठुरते रहे।

टूट सकता है 16 साल पुराना रिकॉर्ड

13 जनवरी 2003 को अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया था। उत्तर पश्चिम से चल रही ठंडी हवाओं से इस बार सर्दी का 16 साल पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है।