आगरा: बाह क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी ने इंटरनेट मीडिया पर अपना वीडियो वायरल कर एसएसपी से मदद की गुहार लगाई। उसका पिता ही दुश्मन बन गया है। बेटी की पढ़ाई की उम्र में ही 25 वर्ष अधिक उम्र वाले व्यक्ति से शादी कराना चाहता है। इन्कार करने पर बेटी से मारपीट की। बचाव में आई मां को भी पीट दिया। इसके बाद दोनों को घर से निकाल दिया। मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर किशोरी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई।

बाह क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी ने वायरल वीडियो में पिता पर गंभीर आरोप लगाए। किशोरी की उम्र 15 वर्ष है और वह सातवीं क्लास में पढ़ती है। वीडियो में किशोरी कह रही है कि उसका पिता उसे बेचना चाहता है। 40 वर्ष के व्यक्ति से शादी तय कर दी है। इन्कार करने पर पिता ने उससे और मां से मारपीट की। वह पढ़ना चाहती है। उसे शादी नहीं करनी। अगर मदद नहीं मिली तो वह खुदकुशी कर लेगी। वीडियो वायरल होने के बाद समाजसेवी नरेश पारस ने डीजीपी और आगरा पुलिस को ट्वीट किया। इसके बाद पुलिस किशोरी के गांव पहुंची। वहां से पता चला कि किशोरी अब मां के साथ अपनी ननिहाल खेड़ा राठौर में रह रही है।

वर्जन--

किशोरी और उसकी मां से तहरीर देने को कहा गया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

- अशोक वैंकट, एसपी पूर्वी