12 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा मैक्सिमम टेम्प्रेचर

आगरा। टाक्टे तूफान से बने कम दबाव के क्षेत्र से मंगलवार को तेज हवा चली। इससे प्री मानसून की बारिश एक सप्ताह पहले ही शुरू हो गई है। सुबह से रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

सुबह से चली तेज हवा

चक्रवाती टाक्टे तूफान से राजस्थान में बने कम दबाव के क्षेत्र से सुबह से ही तेज हवा चली, इसके साथ ही प्री मानसून की बारिश होने लगी। बादल छाए रहे, सात बजे बूंदाबांदी होने लगी। इसके बाद तेज हवा चलने लगी, रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। 11 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हो गई, 15 मिनट तक कमला नगर, दयालबाग, यमुना पार, भगवान टाकीज, एमजी रोड, अर्जुन नगर, सिकंदरा सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई।

शाम को फिर हुई बूंदाबांदी

12 बजे बादल छंट गए। शाम को दोबारा बूंदाबांदी होने लगी, शाम छह बजे कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हुई। रात में भी बूंदाबांदी चलती रही। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 36 डिग्री सेल्सियस से सात डिग्री सेल्सियस कम 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रविवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

एक सप्ताह पहले प्री मानसून की बारिश

दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ। रंजीत कुमार ने बताया कि मई के अंत और जून के प्रथम सप्ताह में प्री मानसून की बारिश शुरू हो जाती थी। मगर, इस बार टाक्टे तूफान से कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश हो रही है। इसके साथ ही तेज हवा चल रही हैं।

बॉक्स

20 मई तक अलर्ट

मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। टाक्टे तूफान के चलते 19 और 20 मई को बिजली गिर सकती है। 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से आंधी चल सकती है। वहीं, भारी बारिश की भी आशंका है।

मई के अंत और जून के प्रथम सप्ताह में प्री मानसून की बारिश शुरू हो जाती थी। मगर, इस बार टाक्टे तूफान से कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश हो रही है। इसके साथ ही तेज हवा चल रही हैं।

डॉ। रंजीत कुमार, पर्यावरण वैज्ञानिक, दयालबाग शिक्षण संस्थान