- जगदीशपुरा के राहुल नगर में है वार्ड 89 के पार्षद श्यामवीर सिंह का कार्यालय

- शटर के नीचे से कागज लगा उसमें केमिकल डालकर लगाई गई आग

आगरा। जगदीशपुरा के राहुल नगर में गुरुवार को आधी रात भाजपा पार्षद के कार्यालय में अराजक तत्वों ने आग लगाने का प्रयास किया। शुक्रवार को सुबह पार्षद के परिजन टहलने निकले तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

जला हुआ दिखा शटर

जगदीशपुरा के राहुल नगर निवासी श्यामवीर सिंह वार्ड 89 से भाजपा के पार्षद हैं। उन्होंने डेढ़ साल पहले घर से करीब 100 मीटर दूर अपना कार्यालय खोला था। शुक्रवार को सुबह करीब छह बजे पार्षद की बहन मिथलेश टहलने निकली थीं। उन्होंने कार्यालय के शटर को जला हुआ देखा। शटर के पास में ही केमिकल की दो बोतलें पड़ी थीं। गुरुवार को आधी रात अराजक तत्वों ने आग लगाने का प्रयास किया। जानकारी होने पर पार्षद श्यामवीर समेत अन्य कार्यकर्ता वहां पहुंच गए।

सामान जलने से बचा

कार्यालय का शटर खोलने पर उसके पीछे लगा शीशा आग लगाने के चलते चटका हुआ मिला। पार्षद ने बताया कि शीशा लगा होने के कारण आग अंदर तक नहीं पहुंच सकी। वहां रखा सामान जलने से बच गया। कार्यालय के बाहर केमिकल की दो बोतलें पड़ी हुई थीं। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पार्षद ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।

व्यापारियों में आक्रोश

पार्षद के कार्यालय में आग लगाने का प्रयास करने की जानकारी होने पर भाजपा कार्यकर्ता और व्यापारी मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर उन्होंने आक्रोश जताया। मनीष अग्रवाल, मनोज चौहान, हरवीर सिंह, प्रदीप कौशिक, विकास, फरीन शेख आदि ने पुलिस से साजिश का जल्दी पर्दाफाश करने की मांग की।