आगरा :दयालबाग क्षेत्र में टोरंट का कार्य चल रहा है, इस कारण बुधवार को ग्रीन गैस की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। नगला हवेली, सपन बाग, अदनबाग सहित आसपास के क्षेत्र प्रभावित हो गए। क्षेत्रीय लोगों को जब गैस रिसाव की आवाज आई तो उन्होंने ग्रीन गैस के कार्यालय में सूचना दी, इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। वाल्व बंद कर मरम्मत कार्य की शुरुआत की गई, इस दौरान घरों में पाइप में मौजूद गैस की आपूर्ति होती रही। शाम का खाना बनाने जब महिलाएं रसोई में पहुंचीं तब तक आपूर्ति बाधित हो चुकी थी। क्षेत्रीय निवासी राधिका अग्रवाल ने बताया कि पीएनजी की आपूर्ति बाधित होने के कारण रात का खाना नहीं बन सका। ठंड अधिक होने के कारण बाहर नहीं गए, ब्रेड खाकर काम चलाया। रात आठ बजे कुछ घरों में आपूर्ति सुचारु हो गई थी, लेकिन हमारे यहां लाइन वाल्व नौ बजे रीसेट हुआ। अदिति ङ्क्षसह ने बताया कि गैस आपूर्ति बाधित होने पर इंडक्शन पर पूरा खाना बनाना पड़ा, नौ बजे तक आपूर्ति सुचारु हुई। 300 से अधिक घरों में वाल्व के कारण आपूर्ति सुचारु होने के बाद भी लाइन शुरू होने में मुश्किल हुई।