-बाइक सवार युवकों ने दिया घटना को अंजाम

-पुलिस ने दो नामजद, अज्ञात में किया केस दर्ज

आगरा। लायर्स कॉलोनी के हाइवे सर्विस रोड पर शनिवार को बाइक सवार युवकों ने पूर्व छात्र नेता पर फायरिंग कर दी। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपित युवक मौके से भाग निकले। पीडि़त छात्र नेता द्वारा थाने में तहरीर दी गई है।

गजेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र विजय सिंह मूल रूप से कागारौल के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह खंदारी स्थित जीपी आपार्टमेंट फ्लैट नंबर 302 में रहता है। गजेन्द्र पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे गजेन्द्र अपने साथी नरेश इंदौलिया, श्याम पचौरी, भूवनेश पचौरी के साथ खंदारी की ओर जा रहा था।

बाइक सवार युवाओं ने की फायरिंग

गजेन्द्र अपनी कार संख्या यूपी-ईवी 9990 में सवार था। जैसे ही वह इंजीनियर कॉलोनी के नजदीक कॉलोनी के मोड से उपकार प्रकाशन की ओर पहुंचा, तभी वहां खड़े कुछ युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली कार का शीशा भेदती हुई निकल गई। गोली से कार में बैठे नरेश इंदौलिया बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज से आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी फुटेज में दो की शिनाख्त

फायरिंग की घटना के बाद आरोपित युवक मौके से भागने में सफल रहे। घटना के बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया। जिसमें, दो लोगों की शिनाख्त मनीष गौतम और अरुण तौमर के नाम से की गई। गजेन्द्र ने बताया कि वह एनएसयूआई के छात्र हैं। इस संबंध में थाना न्यू आगरा में दो ज्ञात और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है।

आरोपितों के खिलाफ दी थी गवाही

पीडि़त गजेन्द्र का कहना है कि पूर्व में एक मारपीट के मामले में वह गवाह था। अरुण तौमर और उसके साथी द्वारा इसका विरोध किया जा रहा था, क्योंकि अरुण तौमर और उसके साथी पर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। वह गजेन्द्र पर गवाही वापसी के लिए दबाव बना रहे थे। गजेन्द्र ने इससे इंकार कर दिया।

पीडि़त गजेन्द्र ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। एनएसयूआई के छात्र नेताओं पर फायरिंग का आरोप है। मामले की जांच की जा रही है। दो लोगों पर ज्ञात व शेष के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा कायम किया गया है।

उमेश त्रिपाठी, थाना प्रभारी न्यू आगरा