आगरा। सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की तुलना बबूल के पेड़ से की है। उन्होंने कहा कि बबूल के पेड़ से आम की कैसे उम्मीद की जा सकती है। भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने मोदी और योगी को हर मोर्चे पर घेरा। वे नगरिया गांव में हुए हादसे में मृतक के परिवारों के साथ शोक संवेदना जताने पहुंचे।

नगरिया के पीडि़तों को ढांढस बंधाने पहुंचे पूर्व सीएम

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव पर आम सहमति बनाई जा रही है। सभी दल बैठकर फैसला लेंगे। कौन राष्ट्रपति का प्रत्याशी होगा, यह सब बैठकर ही फैसला लिया जाएगा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में व्यापारियों ने भी साथ दिया, लेकिन आज सर्वाधिक घटनाएं व्यापारियों के साथ हो रही हैं। व्यापारी जीएसटी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान हैं। सर्राफा सुरक्षित नहीं हैं। 100 नंबर को और बेहतर करने की आवश्यकता थी, लेकिन भाजपा को काम से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने मथुरा में हुई के खुलासे पर संदेश व्यक्त करते हुए कहा कि खुलासा सही था या गलत, लेकिन शिकार सर्राफा ही हुआ।

भाजपा का हर अभियान फेल

उन्होंने कहा कि भाजपा का हर अभियान फेल साबित हुआ है। चाहे फिर स्वच्छता अभियान हो या फिर एंटी रोमियो। 15 जून तक गढ्डा मुक्त सड़क के वादे को भाजपा पूरा नहीं कर सकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों का कर्ज माफी का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ, आज उसी आग में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा का किसान जल रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस के साथ दोस्ती बरकरार रहेगी, जबकि उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने प्रदेश में हार के लिए कांग्रेस के साथ दोस्ती को ही बताया था।

दो दो लाख देने की बात कही

उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपये देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा पीडि़तों के साथ खड़ी है, लेकिन भाजपा धनाढ्यों के साथ है। हमारी सरकार ने प्रदेश में सर्वाधिक विकास कराया था।

नेताओं में हुई धक्का मुक्की

हर बार की तरह इस बार भी कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। पूर्वमंत्री को सुरक्षा कर्मियों ने धक्का देकर दूर कर दिया। कई नेताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। वहीं पूर्व विधायक डॉ। राजेंद्र सिंह को पास बुलाकर उनका हाल-चाल पूछा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामसहाय यादव, रामजीलाल सुमन, ममता टपलू, रामसकल गुर्जर आदि मौजूद थे।