ईनाम के लालच में आकर लोग हो रहे जालसाजों की ठगी का शिकार

आगरा। प्रधानमंत्री और सेलिब्रिटी का फोटो लगाकर साइबर जालसाज लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। जालसाज आए दिन ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हाल ही में केबीसी में लॉटरी निकलने के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। कुछ लोग सावधानी बरतने पर इसका शिकार होने से बच गए हैं, जबकि कुछ लोग जालसाजों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की जमा पूंजी से हाथ धो बैठे हैं।

व्हाट्सएप नंबर पर मांग रहे डिटेल

जालसाजों द्वारा अपना व्हाट्सएप नंबर 8057723751 जारी कर बैंक की डिटेल शेयर करने के लिए कहा जा रहा है। ऐसे में लोग इसका शिकार हो रहे हैं। एक महिला द्वारा इस संबंध में कॉल करके जानकारी दी जाती है कि आपका केबीसी में सिलेक्शन हो चुका है। इसके साथ ही 25000 की लॉटरी निकली है। जिसे लेने के लिए बैंक संबंधी डिटेल शेयर करनी होगी। दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर खाते की डिटेल आते ही वह लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाते हैं।

सावधानी बरती तो बचे ठगी से

यमुना पार स्थित ट्रांसयमुना कॉलोनी में रहने वाले केपी अग्रवाल के पास कॉल आया कि उनकी लॉटरी खुल गई है। केबीसी द्वारा उनको बतौर ईनाम में पचास हजार रुपये दिए गए हैं, लेकिन ईनाम लेने के लिए उन्हें अपने खाते का नंबर बताना होगा। इसके साथ ही जालसाज द्वारा जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर पर खाते की डिटेल मांगी गई। केपी अग्रवाल जालसाजों की चाल समझ गए। उन्होंने ईनाम लेने से इंकार कर दिया और वह ठगी का शिकार होने से बच गए।

खाते से निकले 12 हजार रुपये

इस्लाम नगर में रहने वाले असलम अहमद के पास केबीसी का हवाला देते हुए एक कॉल आया, जिसमें ईनाम के लिए बैंक अकाउंट की डिटेल व्हाट्सएप नंबर पर शेयर करने के लिए कहा गया। ईनाम के लालच में आए असलम ने बैंक डिटेल के साथ ओटीपी भी शेयर कर दिया। इससे उसके खाते से 12 हजार की रकम निकल गई। इस संबंध में पीडि़त ने टेढ़ी बगिया चौकी पर शिकायत की।

साइबर सेल द्वारा समय-समय पर लोगों को अवेयर किया जाता है। जिससे लोग ठगी का शिकार होने से बचे। अनचाहे नंबर या किसी नए नंबर को रिसीव करने से पहले उसके बारे में जानकारी हासिल कर लें। इसके साथ ही किसी भी तरह के लालच में न आएं।

अमित कुमार, प्रभारी साइबर सेल