- केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने लिया जन आशीर्वाद

-कहा- ब्रज में पहले मिली थी 57 विधानसभा सीटें, इस बार 60 पर जनता देगी आशीर्वाद

आगरा: केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जिसमें छोटे से छोटे कार्यकर्ता का मान रखा जाता है। कभी भी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। मैं स्वयं इसका उदाहरण हूं। इसलिए निरंतर कार्य करते जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पूर्व में मिले जनता के आशीर्वाद से ज्यादा अब मिल रहा है। वर्तमान में 60 फीसद वोट हमारा है और बाकी बचे हुए में बंटवारा है।

आशीर्वाद यात्रा का हुआ जोरदार स्वागत

मंगलवार को नवनियुक्त केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा यहां जन आशीर्वाद यात्रा पर आए थे। उन्होंने कहा कि पहले ब्रज की 65 में से 57 विधानसभा सीटों पर कमल खिला था। इस बार ये आंकड़ा 60 पहुंचने वाला है। सींगना से शुरू हुई यात्रा रुनकता, सिकंदरा होते हुए हाईवे स्थित पैराडाइज महल पहुंची, सभी स्थानों पर जोरदार स्वागत हुआ। केंद्रीय राज्यमंत्री ने गुरुद्वारा गुरु का ताल में माथा टेका। भाजपा ब्रजक्षेत्र कार्यालय पहुंच कार्यकर्ताओं में जोश भरा तो संघ कार्यालय माधव भवन भी गए। इसके बाद काफिला एमजी रोड पर पहुंचा जहां दर्जनभर जगह उनका स्वागत हुआ। रामबाग होते हुए एत्मादपुर पहुंच यात्रा का समापन हुआ।

ये रहे मौजूद

विधायक रामप्रताप सिंह चौहान, जितेंद्र वर्मा, मेयर नवीन जैन, प्रदेश मंत्री पूनम बजाज, ब्रजक्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, यात्रा संयोजक मनोज गर्ग, जिला महामंत्री संतोष कटारा, संतोष सिकरवार, उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, सोनू चौधरी, जिला मंत्री सुनील राजपूत, सत्यप्रकाश लोधी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा क्षेत्रीय महामंत्री बबलू लोधी, भाजयुमो ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम, मंत्री गौरव राजावत, डॉ। रामेश्वर चौधरी, संदीप उपाध्याय आदि मौजूद थे.----

-

होर्डिंग्स पर दिखी गुटबाजी

भाजपा में आपसी खींचातान चरम पर है। केंद्रीय राज्यमंत्री के स्वागत में लगे होर्डिंग्स में जमकर गुटबाजी दिखाई दी। एक माननीय ने अकेले ही होर्डिंग लगवाए तो सींगना पर लगे होर्डिंग में एक माननीय नजर ही नहीं आए। शहर में भी लगे होर्डिंग में कई वरिष्ठ चेहरे दिखाई नहीं दिए।