- ब्रज के प्राचीन मंदिरों की रज, पवित्र जल भी किया एकत्रित

आगरा। अयोध्या में पांच अगस्त को श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन प्रस्तावित है। विश्व हिंदू परिषद इसके लिए ब्रजप्रांत के प्राचीन मंदिरों से पवित्र जल, रज एकत्रित कर चुका है। अब प्रमुख गुरुद्वारों की रज भी एकत्रित की जा रही है, जिसकों अयोध्या के लिए रवाना किया जाएगा।

मंगलवार को विहिप के प्रांत संगठन मंत्री सुनील कुमार रज लेने गुरुद्वारों में पहुंचे। गुरुद्वारा गुरु का ताल, लोहामंडी, माईथान एवं गुरुद्वारा हाथी घाट पर गुरुओं के चरण पड़े थे। इन गुरुद्वारों की मिट्टी विहिप पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को प्रदान की गई। गुरुद्वारा गुरु के ताल के बाबा प्रीतम सिंह ने विहिप कार्यकर्ताओं को पवित्र रज प्रदान की। विहिप के प्रांत संगठन मंत्री सुनील कुमार ने ब्रजप्रांत के सभी राम भक्तों से आह्वान किया है, कि पांच अगस्त को सभी अयोध्या में तो पहुंच सहभागिता नहीं दे पाएंगे, लेकिन इस ऐतिहासिक दिन को उत्सव के रूप में मनाए। घर-घर में घी के दीपक जलाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। गुरुद्वारों से रज एकत्रित करते समय समन्वयक बंटी ग्रोवर, विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, प्रांत संयोजक राकेश त्यागी, सहसंयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी आदि मौजूद थे।