21 करोड़ की लागत है इस फ्लाईओवर की

फ्लाईओवर की एक लेन ही है चालू, अंडरब्रिज को भी नहीं खोला गया

सिकंदरा हाईवे पर अधूरा फ्लाईओवर बन रहा परेशानी का सबब

एक लेन बंद होने के कारण सब्जी मंडी के पास लगता है जाम

आगरा। आगरा-सिकंदरा हाईवे का आधा-अधूरा फ्लाईओवर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जाम से छुटकारा दिलाने के लिए सिंकदरा सब्जी मंडी के सामने बनाया गया फ्लाईओवर सफेद हाथी साबित हो रहा है। एक वर्ष गुजर जाने के बाद अभी तक यह वन वे बना हुआ है। अंडरब्रिज को भी अभी तक पब्लिक के लिए नहीं खोला जा सकता है। इसके कारण सिकंदरा सब्जी मंडी पर जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्यों का त्यों पड़ा है काम

एनएच-2 पर फ्लाईओवर पिछले एक वर्ष से ज्यों का त्यों पड़ा हुआ है। पिछले साल दिसम्बर में इसकी एक लेन को चालू कर दिया गया था। दूसरी लेन भी जल्द चालू करने को कहा गया। लेकिन कई दिनों तक इसका काम रुका रहा। पहले इसमें तकनीकी खामी बताई गई। फिर बताया गया कि डामरीकरण के बाद उसको शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन एक वर्ष बाद अभी तक न तो दूसरी लेन पर डामरीकरण हो सका है और न ही उसमें लगी रोक को हटाया जा सका है।

सब्जी मंडी पर लगता है जाम

फ्लाईओवर की एक लेन बंद होने के कारण सब्जी मंडी पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। सब्जी मंडी में दूर दराज से आढ़तिए और किसान यहां माल लेकर छोटे से बड़ी वाहनों से आते हैं। इसके अलावा हाईवे से बड़ी वाहन भी गुजरते रहते हैं। इसके कारण जाम लगा रहता है। कभी-कभी तो रात में भी जाम की बन जाती है। इसके अलावा अंडरब्रिज भी शुरू नहीं हो सका है। इसलिए रॉन्ग साइड से भी वाहन आते रहते हैं।

हाईवे के चौड़ीकरण का काम 2015 में होना था पूरा

बता दें कि अक्टूबर 2012 में हाईवे के चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया था। आगरा से दिल्ली तक 179.5 किमी। के हाईवे का चौड़ीकरण किया जाना था। वर्ष 2014 में सिकंदरा में सिक्सलेन की शुरुआत हुई। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुसार इस प्रोजेक्ट की लागत दो हजार करोड़ से ज्यादा थी। इसको 2015 तक पूरा किया जाना था। ओवरऑल 360 किमी। के हाईवे के चौड़ीकरण का काम 2100 करोड़ में पूरा किया जाना था। अभी 345 किमी। तक काम हुआ है।

इसलिए जरूरत पड़ी फ्लाईओवर की

सिंकदरा सब्जी मंडी के सामने ब्लैक स्पॉट चिह्नित किया गया था।

- आए दिन जाम लगा रहता था।

- हल्की सी बारिश में हाईवे के दोनों ओर जलभराव होता रहता था।

- सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने वाहनों का जाम लगा रहता था।

- कई बार हादसे में दर्जनों लोगों जान चली गई।

- अभी तक 7 बार सड़क की मरम्मत की जा चुकी है।

एक नजर

सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने 21 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर तैयार किया गया।

एक वर्ष में आधे-अधूरे फ्लाईओवर को तैयार किया गया।

वन-वे ही खोला जा सका है।

अंडरब्रिज भी नहीं खुल सका

इस कारण से आ रही समस्या

- एनएचएआई ने हाईवे की देखरेख और रखरखाव का काम निजी कंपनी को सौंपा था।

- 26 वर्ष का था कंपनी से एनएचएआई का करार

- कंपनी हाईवे का टोल भी वसूलती है

- निजी कंपनी के अफसरों का कहना है, कि कुछ फाइनेंशियल लेवल पर काम फंसा है।

- वहीं एनएचएआई के अफसरों ने इस बात से इंकार किया है।

- कंपनी अधूरा काम छोड़कर चली गई है।

इसको एक निजी कंपनी देख रही थी, कंपनी ने काम छोड़ दिया है। मुख्यालय स्तर पर इस पर बात की जा रही है। कंपनी से 26 वर्ष के लिए करार हुआ था। अभी 6, 7 वर्ष ही बीते हैं। जल्द ही समस्या का निस्तारण किया जाएगा। कंपनी का इस तरीके से काम छोड़ना ठीक नहीं है। इस पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

मनोज बंसल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई

कुछ फाइनेंशियल वजह से काम रुका पड़ा है। उसको शॉर्ट-आउट करने के लिए हाई-लेवल पर मीटिंग हो रही है। जल्द ही प्रॉब्लम सॉल्व हो जाएगी। फ्लाईओवर की दूसरी लेन को भी खोल दिया जाएगा।

रामचंद्रनन, प्रोजेक्ट मैनेजर, निजी कंपनी

पिछले एक वर्ष से अभी तक फ्लाईओवर का काम पूरा नहीं हुआ है। हल्की सी बारिश में पानी भर जाता है। हाईवे खराब हो रहा है। वन-वे होने के कारण जाम लग जाता है। अभी तक अंडरब्रिज भी नहीं खोला जा सका है। आज भी सब्जी मंडी पर जाम लगता रहता है।

यतेंद्र सोलंकी

सरकार योजनाएं तो बनाती है, लेकिन उन पर काम नहीं हो पाता है। सिंकदरा फ्लाईओवर का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इससे बहुत परेशानी होती है। अभी तक जलभराव से छुटकारा नहीं मिल सका है। बारिश होते ही दिक्कत हो जाती है। फ्लाईओवर की दूसरी लेन शुरू हो तो बात बने।

कपिल सिंघल

जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। जब तक फ्लाईओवर की दूसरी लेन शुरू नहीं होगी, जाम से छुटकारा नहीं मिलेगा। एनएचएआई की जिम्मेदारी बनती है। टोल लेने के बाद भी पब्लिक की सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं हैं।

विनय मित्तल