-बूलगढ़ी में आम आदमी पार्टी और स्वाभिमान दल कार्यकर्ता आए आमने-सामने

-हाईवे पर बने जाम के हालात, पुलिस ने लाठी चार्ज कर खदेड़े

आगरा/हाथरस: गांव बूलगढ़ी में सोमवार को मृतका के परिजन से मिलकर लौटे आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। युवक राष्ट्रीय स्वाभिमान दल का संयोजक दीपक शर्मा है। पुलिस ने दीपक को हिरासत में ले लिया, मगर इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। जवाबी पथराव हुआ। हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर इन्हें खदेड़ दिया।

मीडिया से बात करते समय फेंकी स्याही

पुलिस ने एहतियातन बूलगढ़ी गांव से करीब 500 मीटर पहले बेरीकेडिंग कर रखी है। सोमवार को यहां पहुंचे आप नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, दिल्ली सरकार में मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, विधायक राखी बिड़ला, हरपाल सिंह चीमा को प्रशासन अपने वाहन से बूलगढ़ी गांव ले गया। मृतका के परिजनों से मिलकर लौटते समय संजय सिंह बेरीकेडिंग पर मीडिया से बात कर रहे थे। तभी एक युवक ने उन पर स्याही फेंक दी। सतर्क पुलिस ने आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इसने अपना नाम स्वाभिमान दल का संयोजक दीपक शर्मा बताया। स्याही फेंकने को लेकर आप कार्यकर्ता और स्वाभिमान दल कार्यकर्ताओं में झगड़ा होने लगा। दोनों में जवाबी पथराव हुआ। करीब आधा घंटे तक चले इस हंगामे से हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर इन्हें तितर-बितर कर दिया।

---

योगी राज में बेटियों की अस्मत सुरक्षित नहीं: संजय

घटनाक्रम के बाद आप नेता संजय सिंह ने आगरा में मीडिया से बातचीत में कहा कि योगी राज में बेटियों की अस्मत सुरक्षित नहीं है। आप मांग करती है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एसआइटी से जांच कराए।

---

कई नेता पहुंचे

इससे पूर्व दिल्ली महिला आयोग की सदस्य सारिका चौधरी, डॉ। भीमराव अंबेडकर के प्रपौत्र राज रतन अंबेडकर ने मृतका के परिजन से अलग-अलग मुलाकात की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता उदित राज ने कहा कि हाथरस ही नहीं बलरामपुर और उन्नाव में भी ऐसी ही घटनाएं जंगलराज का उदाहरण हैं।

-----

चंद्रशेखर सहित सैकड़ों के खिलाफ मामले दर्ज

बूलगढ़ी की युवती की मौत को लेकर हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर सहित 500, सपा के 90 और लोकदल के 90 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। एक मामला अफवाह फैलाने पर किया गया है। आप नेता संजय सिंह पर स्याही फेंकने वाले दीपक शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी है।

--

स्याही फेंकने वाले शख्स को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को भी वहां से हटा दिया गया। कोई पथराव या लाठीचार्ज नहीं हुआ है।

- प्रेम प्रकाश मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हाथरस