आगरा : फ्लाईओवर के आधे-अधूरे काम पब्लिक की राह को मुश्किल बना रहे हैं। सिकंदरा सब्जी मंडी स्थित अंडरपास शुरू नहीं हो सका है। फ्लाईओवर की एक लेन ही शुरू की जा सकी है, जबकि एक लेन महीनों से बंद पड़ी हुई है। अब आईएसबीटी पर नए फ्लाईओवर का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए मिट्टी की जांच होने के बाद पिलर की खुदाई की जाएगी। 25 करोड़ की लागत से सिक्सलेन फ्लाईओवर बनना है। महीनों गुजर जाने के बाद भी सिकंदरा फ्लाईओवर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

सात साल पहले तैयार हुआ था प्रोजेक्ट

एनएच-2 को सिक्सलेन करने का प्रस्ताव अक्टूबर 2012 में तैयार किया गया था। 1928 करोड़ की लागत से 179.5 किमी। एनएच-2 को सिक्सलेन करने का काम किया जाना था। इसे 2015 तक पूरा किया जाना था। 360 किमी। के हाईवे के चौड़ीकरण का काम 2100 करोड़ की लागत से पूरा किया जाना है, लेकिन अभी तक 345 किमी। तक ही चौड़ीकरण का काम पूरा हो सका है। हालांकि एनएचएआई के अफसरों का दावा है कि चौड़ीकरण का काम पूरा हो चुका है।

परेशान कर रहा जाम

आगरा-दिल्ली हाईवे एनएच-2 पर लोगों को फ्लाईओवर बनने के बाद भी जाम से निजात नहीं मिल सकी है। अभी निर्माण कार्य जारी है। फ्लाईओवर शुरू न होने के कारण दिक्कतों में और इजाफा हुआ है। इस बारे में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मोहम्मद शफी ने बताया कि जल्द ही फ्लाईओवर की दूसरी लेन शुरू की जाएगी। अंडरपास में डामरीकरण करने के बाद उसको शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि 21 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। इसके नीचे से सिकंदरा सब्जी मंडी के लिए निकला जा सकता है। बारिश के मौसम में सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने व्यापक पैमाने पर जलभराव हो जाता था, जिससे हादसे का खतरा मंडराता रहता था।