- सपा से प्रत्याशी कुशल को 34 और भाजपा से राकेश को मिले 17 वोट

आगरा। समाजवादी पार्टी की कुशल यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव कुशलता के साथ जीत लिया। उन्होंने भाजपा के फतेहपुरसीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल के पुत्र राकेश चौधरी को हराया। कुल 51 वोटों में से कुशल यादव को 34 व राकेश चौधरी को 17 वोट मिले।

बढ़ता गया सपाइयों का उत्साह

मतदान सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। सभी सदस्यों ने वोट डाले। अपनी जीत सुनिश्चित देख कलेक्ट्रेट के बाहर जुटे सपाइयों का उत्साह बढ़ता ही जा रहा था। हाथों में सपा के झंडे लिए समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी थी। वहीं, भाजपाइयों का खिसकना शुरू हो गया था। मतदान से लेकर मतगणना तक शांतिपूर्ण संपन्न हुई। कहीं पर कोई विवाद की स्थिति नहीं बनीं।

पहले से ही साफ थी तस्वीर

चुनाव की तस्वीर पहले से ही साफ थी। कुशल यादव के साथ पहले से 34 सदस्य थे। शुरू से ही चुनाव एकतरफा लग रहा था, जिसका परिणाम आने के बाद स्थिति साफ हो गई। सपा की जीत की घोषणा होते ही मंत्री, विधायक व कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंच गए। विजेता प्रत्याशी कुशल यादव को जीत की बधाई दी। पार्टीजनों ने इसे विकास की जीत बताया।

भाजपा को नहीं मिला बसपा का साथ

इस चुनाव में भाजपा को बसपा का साथ नहीं मिल सका है। अविश्वास प्रस्ताव लाकर बसपा को पटकनी देने वाली सपा को बसपा का साथ मिला है, जिसकी बदौलत कुशल यादव ने बडे़ से अंतर जीत दर्ज की है। बसपा के सर्वाधिक 17 सदस्य जीते थे। सपा और भाजपा के विजयी सदस्यों की संख्या दहाई से नीचे थी। बावजूद इसके ये दोनों पार्टियां चुनाव मैदान में आई, लेकिन बसपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा।