आगरा: रुनकता में पेट्रोल पंप लूटने वाले बदमाशों को शरण देने वालों की पुलिस को अब तलाश है। बदमाशों ने किन लोगों के यहां शरण ली थी। आरोपी करन ने लूट की रकम का एक हिस्सा मथुरा में अपनी बुआ मिथलेश के यहां रखा था।

6 आरोपियों को भेजा जा चुका है जेल

पुलिस ने मंगलवार को लूट का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को जेल भेज दिया। उनसे करीब पौने नौ लाख रुपए बरामद किए हैं। आरोपियों को शरण देने में छह लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। करन ने पुलिस को बताया कि उसने करीब पौने दो लाख रुपए घूमने और मौज-मस्ती में खर्च कर दिए थे। इन रुपयों से वह होटल में रुका, महंगे जूते और कपड़े खरीदे थे। इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने बताया कि आरोपी करन के खिलाफ करीब तीन दर्जन मुकदमे में प्रकाश में आए हैं। वह कई बार जेल जा चुका है। हर बार उसकी जमानत कुछ लोग ही कराते हैं। आरोपी के जमानतदारों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

मेरठ जेल से बंदी को केंद्रीय कारागार भेजा

मेरठ जेल में निरुद्ध ओमकार फौजी को आगरा केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित किया गया है। उसे यहां पर हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है। वहीं जिला जेल से भी 100 बंदियों को केंद्रीय कारागार भेजा गया है। जिन्हें विशेष बैरक में रखा गया है। बदायूं निवासी ओमकार फौजी को हत्या के मामले में आजीवन कारावास से सजायाफ्ता है। वह मेरठ जेल में बंद था। शासन के निर्देश पर मंगलवार को उसे कड़ी सुरक्षा में केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित किया गया है। वरिष्ठ अधीक्षक केंद्रीय कारागार वीके सिंह ने बताया बंदी को हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है। वहीं जिला जेल के अधीक्षक पीडी सलोनिया ने बताया कि क्षमता से अधिक बंदी होने पर कारागार मुख्यालय के निर्देश पर 100 बंदियों को केंद्रीय कारागार भेजा गया है।