-शनिवार को अष्टमी और रविवार को नवमी का पूजन

आगरा : शरदीय नवरात्र में घरों से लेकर मंदिरों तक माता के जयकारे गूंज रहे हैं। मंदिरों के कपाट भले ही बंद हैं, लेकिन श्रद्धालु बाहर से ही दर्शन कर रहे हैं। नवरात्र के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति के सातवें स्वरूप कालरात्रि का पूजन किया। कुछ श्रद्धालुओं ने अष्टमी पूजन भी किया। अधिकांश श्रद्धालु शनिवार को अष्टमी और रविवार को नवमी पूजन करेंगे।

मंदिरों में प्रवेश प्रतिबंधित

कोरोना काल में शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है। श्रद्धालुओं को बाहर से ही माता के दर्शन कराए जा रहे हैं। उपासक ही विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर रहे हैं। घरों में सुबह हवन और शाम को भजन हो रहे हैं। शुक्रवार को कालरात्रि का पूजन हुआ। शनिवार को देवी के आठवें स्वरूप महागौरी का पूजन किया जाएगा। हालांकि, कुछ श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को सुबह 6:58 बजे से अष्टमी होने पर अष्टमी पूजन कर लिया। कन्या-लांगुरा भी जिमाए। मंदिरों पर प्रसाद बांटा, लेकिन अधिकांश श्रद्धालु शनिवार को अष्टमी पूजन करेंगे। जिन्होंने शुक्रवार को अष्टमी पूजन कर लिया है, वह शनिवार को महानवमी पूजन करेंगे।

उदया तिथि के अनुसार अष्टमी आज

ज्योतिषाचार्य पं। चंद्रेश कौशिक के अनुसार शुक्रवार सुबह 6:57 बजे तक सप्तमी रही और उसके बाद अष्टमी लग गई। शनिवार सुबह 6:58 बजे तक अष्टमी है और 6:59 बजे से नवमी लग जाएगी। रविवार सुबह 7:41 बजे तक नवमी रहेगी। उदया तिथि के अनुसार शनिवार को अष्टमी और रविवार को नवमी मनाई जाएगी। ज्योतिषाचार्य हरीशंकर पाराशर के अनुसार काशी विश्व पंचांग के अनुसार शनिवार को महाअष्टमी और रविवार को महानवमी पूजन होगा। दशहरा रविवार सुबह 11 बजे लगेगा। दुर्गा विसर्जन सोमवार को होगा। निर्णय सागर और ब्रज भूमि पंचांग के अनुसार शुक्रवार को महाअष्टमी पूजन और शनिवार को महानवमी पूजन होगा। दशहरा रविवार को मनाया जाएगा।