आगरा। महाशिवरात्रि के मौके पर एक ओर जिला प्रशासन ने मंदिरों को भक्तों के लिए खोल दिया तो दूसरी ओर शहर के शिवालयों में बोल बम के नारे गूंजते रहे। शहर भर में भगवान भोले की आराधना के पर्व महाशिवरात्रि की धूम रही। एक साल बाद प्रशासन ने मंदिरों को खोलने की अनुमति दे दी। इससे भक्तों में अपार उत्साह नजर आया। गुरुवार सुबह से ही शिव मंदिरों में भगवान शिव के जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया था।

कांवडि़यों ने किया अभिषेक

शिवरात्रि के मौके पर कांवड़ लाना भी शुरू हो जाता है। ऐसे में सोरों और राजघाट से कांवड़ लेकर आने वाले कांवडि़यों ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके अलावा कई शिवालयों में दुग्धाभिषेक भी किया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के प्राचीन शिवालय मनकामेश्वर मंदिर, राजेश्वर महादेव मंदिर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर और बल्केश्वर महादेव मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों की भीड़ रही। मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। अन्य शिवालयों में भी भारी भीड़ रही। शिव भक्तों ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर भगवान भोले की आराधना की। हर कोई शिव की भक्ति में सराबोर दिखाई दिया। मंदिर परिसर बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।

वर्जन

बाबा के दरबार में शिवरात्रि के अवसर पर भक्तों में काफी उत्साह रहा.मंदिर में इस मौके पर फिजिकल डिस्टेंस का भी विशेष ख्याल रखा गया।

-पंडित राजेश कुमार शास्त्री, महंत राधा कृष्ण मंदिर

आज मैंने एक साल बाद बाबा के दर्शन किये। जिला प्रशासन ने शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर खोल हमें उपहार भेंट किया है। मंदिरों को काफी पहले खोल देना चाहिए था।

-राहुल, भक्त

शिवरात्रि के अवसर पर बाबा भोले के दर्शन किए। इस मौके पर मैंने जल्दी ही सबकुछ पहले की तरह सबकुछ नॉर्मल होने के लिए प्रार्थना की।

-अजय, भक्त