-जीवनी मंडी में व्यापारियों ने दबंगों को गिरफ्तार करने की उठाई मांग

-व्यापारियों का आक्रोश देख चौथ वसूली के आरोपियों को पकड़ा

आगरा : चौथ वसूली के विरोध में थर्सडे को जीवनी मंडी बाजार बंद रखा गया। इसके विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर दबंगों को गिरफ्तार करने की मांग की। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चौथ वसूली करने वाले दबंग युवक को पकड़कर थाने ले आई, तब जाकर व्यापारी को शांत किया गया।

दबंग युवक ने मांगी चौथ

मामला जीवनी मंडी एरिया का है। आरोप है कि क्षेत्र का दबंग युवक अमित क्षेत्र के व्यापारी बेनीराम (छोले भटूरे वाले) से चौथ मांगने के लिए पहुंच गए। व्यापारी ने इसका विरोध किया तो दबंग धमकी देने लगा। मामला गर्माता देख अन्य व्यापारी जुट गए और चौथ वसूली के खिलाफ बाजार बंद कर दिया। इसके साथ ही प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू करते हुए चौथ वसूली की मांग करने वाले युवक को गिरफ्तार करने की मांग की।

कार्रवाई के बाद खुला बाजार

घटना की जानकारी होते ही भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और चौथ मांगने वाले आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। कार्रवाई के बाद व्यापारी शांत हुए। आरोप है कि दबंक युवक क्षेत्र में चौथ वसूली की मांग करता है, विरोध करने पर पूर्व में कई व्यापारियों से विवाद हो चुका है। धमकी से व्यापारी दहशत में हैं। पुलिस ने दबंग युवक को हिरासत में ले लिया है।