-छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद

रुड़की, बीजेपी में चल रहा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। दून के बाद रुड़की में भी कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद की उपस्थिति में एक कार्यक्रम में मेयर और झबरेड़ा से भाजपा के विधायक देशराज कर्णवाल के समर्थकों के बीच मंच पर जमकर बवाल हुआ। बीच-बचाव को पहुंचे जिलाध्यक्ष डा। जयपाल सिंह चौहान से भी उनकी तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मूक दर्शक बने रहे। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

एक दिन पहले ही दून में हुई थी तू-तू, मैं-मैं

सैटरडे को देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने से कुछ देर पहले रायपुर से विधायक उमेश शर्मा काऊ और कार्यकत्र्ताओं में जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। हंगामे के दौरान वहां उपस्थित कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भी मूकदर्शक की भूमिका में नजर आए थे। संडे को कुछ ऐसा ही दृश्य रुड़की में भी नजर आया। नगर निगम की ओर से गंगनहर के गणेशपुर पुल पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई है। संडे को प्रतिमा का अनावरण किया जाना था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, मेयर गौरव गोयल, भाजपा विधायक प्रदीप बत्रा, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अमन त्यागी, पार्षद विवेक चौधरी, मंडी समिति के चेयरमैन ठाकुर योगेन्द्र सिंह पुंडीर आदि मौजूद थे।

पुलिस ने शांत कराया मामला

कार्यक्रम शुरू ही हुआ था कि झबरेड़ा के विधायक देशराज कर्णवाल के प्रतिनिधि और पार्षद सतीश शर्मा समर्थकों के साथ पहुंचे। शर्मा ने आरोप लगाया कि मेयर के इशारे पर प्रतिमा के नीचे लगाए गए शिलापट पर मेयर का नाम विधायक कर्णवाल से ऊपर लिखा गया है। जिसको उन्होंने विधायक का अपमान बताया। इस पर मेयर गौरव गोयल ने विरोध किया तो दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इस बीच दोनों पक्षों में बवाल मच गया। बाद में मुश्किल से पुलिस ने मामला शांत कराया।