आगरा। खनन माफिया ने रविवार दोपहर एक दरोगा को गोली मार दी। घायल दरोगा को शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। जहां, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस से की हाथापाई

इरादतनगर क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर पर दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दरोगा निशांक त्यागी सिपाही जितेन्द्र के साथ गश्त कर रहे थे। इस दरौन उन्हें सामने से आता एक टैक्टर-ट्रॉली दिखाई दिया, जो अवैध खनन से भरा था। दरोगा ने टै्रक्टर को रोक लिया। टै्रक्टर सवार बबलू पुत्र करतार सिंह निवासी आम का पुरा ने पुलिस को धमकाना शुरू कर दिया। ट्रैक्टर चालक पुलिस से हाथापाई पर उतारू हो गया। पुलिस की सख्ती देख बबलू ने तमंचे से फायर कर दिया। पैर में गोली लगने से दरोगा निशांक घायल हो गए।

घायल को पुष्पांजलि में कराया भर्ती

घायल दरोगा को दिल्ली गेट स्थित हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। आला अधिकारी हॉस्पिटल पहुंच गए। इरादत नगर थाना प्रभारी ने बताया कि बबलू के खिलाफ अवैध खनन, पुलिस पर फायरिंग करने जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। देर-शाम तक घेराबंदी कर बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक दिन पहले हुई थी कार्रवाई

शनिवार को खनन माफियाओं पर कार्रवाई की गई थी। इसमें तीन थानों का फोर्स मौके पर बुलाया गया था। थाना रकाबगंज, सदर और ताजगंज थाने के पुलिस फोर्स के साथ आलाधिकारियों की मौजूदगी में कई ट्रैक्टरों और खनन में शामिल उपकरणों को जब्त किया गया था।