- खनिज विभाग के बाबू की तहरीर पर एत्माद्उद्दौला में हुआ मामला दर्ज

आगरा। यमुना की धारा मोड़ने वाले खनन माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद वह भूमिगत हो गया है। खनिज विभाग के बाबू की तहरीर पर अज्ञात खनिज माफिया के खिलाफ थाना एत्माद्उद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया है।

अफसरों के निरीक्षण से पहले मिटाए सुबूत

खनन माफिया ने अफसरों के निरीक्षण से पहले यमुना की धार मोड़ने के सुबूत जेसीबी से मिटा दिए। आपको बता दें कि नरायच क्षेत्र के शोभा नगर के पीछे यमुना का पिछले कई दिनों से अवैध खनन का खेल चल रहा था। सोमवार को जानकारी होने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राजकुमार व एसडीएम पीडी गुप्ता निरीक्षण को पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें अपने निरीक्षण में यमुना में खनन के सुबूत मिले थे। उन सुबूतों से अनुमान लगाया जा सकता है कि ये खनन का खेल लम्बे समय से चल रहा था। इस बात से बिल्कुल भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि ये खेल बिना अफसरों के सरंक्षण के बिना नहीं चल सकता है।

बरसात के लिए किया जा रहा था स्टॉक

खनन माफिया बरसात के मौसम में बालू की बिक्री के लिए यमुना से खुदाई कर स्टॉक करने में जुटा हुआ था। खनन माफिया द्वारा यमुना किनारे स्टॉक के लिए तीन गोदाम बना रखे थे। इसके लिए अलग से आधा दर्जन जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू को ढोने के लिए लगा रखे थे। आपको बता दें कि यमुना में खनन के पट्टे की वैधता साढ़े तीन महीने पहले खत्म हो गई। खनन के पट्टे की वैधता बढ़ाने के लिए खनन माफिया द्वारा आवेदन किया गया, लेकिन समय सीमा नहीं बढ़ पाई। इस बारे में एसओ एत्माद्उद्दौलाशत्रुंजय कुमार ने बताया कि खनिज विभाग ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है।