आगरा। शस्त्र लाइसेंस अब परेशानी का सबब बन गए हैं। लाइसेंसधारकों से अब तक की गई फायरिंग का हिसाब मांगा जा रहा है, इसके साथ ही खाली कारटेज भी मांगे जा रहे हैं। इसका हिसाब 80 प्रतिशत लाइसेंसधारी नहीं दे पा रहें। इसका परिणाम ये हो रहा है कि लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं। सभी लाइसेंसधारियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।

1000 के करीब हो चुके हैं लाइसेंस निरस्त

तत्कालीन एसएसपी अमित पाठक ने शस्त्र लाइसेंसधारियों से कारटेज का हिसाब मांगा था। किस उद्देश्य से फायरिंग की। हर्ष फायरिंग की है तो इनके विरुद्ध लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति पुलिस द्वारा प्रशासन से की जा रही है। अभी तक करीब एक हजार लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। लगातार लोगों के पास नोटिस भेज जा रहे हैं। शस्त्र लाइसेंसधारी कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे हैं। इस कार्रवाई से वकीलों की चांदी कट रही है। अपर जिलाधिकारियों के कोर्ट में केस चल रहे हैं। जवाब दाखिल कर रहे हैं।