अभाविप के 65वें राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले सीएम

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से युवा शक्ति को हतोत्साहित करने वालों को चिन्हित करने का आह्वान किया। कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ रणनीति तैयार करें। देश की कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सीएम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप)के 65वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अंतिम दिन सोमवार को आगरा कॉलेज मैदान पर प्राध्यापक यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाया गया, तिनका तक नहीं हिला। 500 वर्षो से अयोध्या पर जबरदस्ती विवाद चल रहा था, इसे 45 मिनट में न्यायपालिका ने समाप्त कर दिया। ऐसा कहा गया कि खून की नदियां बह जाएंगी। लेकिन मच्छर तक नहीं मरा। दल से बड़ा देश है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ये कर दिखाया है। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि देश में अरुणाचल से द्वारिका तक कृष्ण, केदारनाथ से रामेश्वरम तक भगवान शिव और कश्मीर से कन्याकुमारी तक राम की लीलाएं हैं। संपूर्ण भारत पुण्य भूमि है।

छात्र शक्ति तोड़फोड़ नहीं करती, योजक बने अभाविप

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अंदर बड़ा समुदाय मानने लगा था कि छात्र शक्ति तोड़फोड़ करती है, विध्वंसक सोच की है। वास्तव में छात्र शक्ति, राष्ट्र शक्ति है अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने यह समझाकर साबित कर दिया है कि छात्र शक्ति के बारे में सोच गलत है।

हर कोई बन सकता सागर रेड्डी

एक साल की उम्र में अनाथ हुए सागर रेड्डी मुंबई में 18 साल से अधिक उम्र के अनाथ बच्चों के लिए काम कर रहे हैं। उन्हें प्राध्यापक यशवंतराव केलकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। योगी ने कहा कि हर कोई सागर रेड्डी बन सकता है, बस यही सोच कर काम करना है।