आगरा। नगर निगम के अफसरों की लचर कार्यशैली के चलते डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था पटरी से उतर गई है। यमुनापार के अधिकांश क्षेत्रों में कूड़ा लेने के लिए कोई कर्मचारी नहीं पहुंच रहा है। इसकी शिकायत मेयर नवीन जैन से की गई है। वहीं, निगम कार्यालय में हर दिन सफाई व्यवस्था को लेकर 100 से अधिक शिकायतें पहुंचती हैं। यमुनापार में लोगों को खुद ही कूड़ा फेंकने के लिए जाना पड़ता है। क्षेत्रीय निवासी गंभीर बघेल ने बताया कि दो दिन से सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। लोग परेशान हैं। अफसर कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। नगला रामबल निवासी चंद्रकेश गुप्ता ने बताया कि छह माह पूर्व भी कुछ ऐसा ही हुआ था। शिकायतों के बाद व्यवस्था में सुधार आया था।

शहर में एक ही एजेंसी करेगी कूड़े का उठान

नगर निगम के सौ वार्डों में जल्द ही एक ही एजेंसी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करेगी। निगम प्रशासन जल्द ही टेंडर जारी करने जा रहा है। यह कार्य एक माह में पूरा हो जाएगा। नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने बताया कि ताजमहल के दो किमी क्षेत्र में लायंस कंपनी द्वारा कूड़े का उठान और झाड़ू लगाई जा रही है। बाकी क्षेत्र का कार्य नई एजेंसी को दिया जाएगा।

इन क्षेत्रों में कूड़ा कलेक्शन प्रभावित

लोकपुरम कालोनी, शाहदरा, नगला रामबल, का¨लदी विहार डी ब्लाक, बसेरा कालोनी, शाहदरा लोधी बस्ती, नुनिहाई पंचायती चबूतरा, नगला बिहारी, राज नगर, जसवंत नगर, नगला किशन लाल, टेढ़ी बगिया, राधा नगर, अब्बास नगर।

- डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को और बेहतर करने पर ध्यान दिया जाएगा। जल्द ही इसकी समीक्षा की जाएगी।

नवीन जैन, मेयर