- शहर के कई एरियाज में सप्लाई पूरी तरह रही ठप

- अधिकारियों का दावा, आज से सुधरने लगेंगे हालात

आगरा। शहर में पेयजल संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। तीसरे दिन शुक्रवार को जलापूर्ति लड़खड़ा गई। सुबह पालड़ा फाल बुलंदशहर से 150 एमएलडी गंगाजल मिला, जबकि शाम को गंगाजल की मात्रा 170 एमएलडी पहुंच गई। जल निगम, गंगाजल इकाई के परियोजना प्रबंधक आरके गुप्ता का कहना है कि शनिवार से गंगाजल की आपूर्ति पहले की तरह ही होने लगेगी। यानी हर दिन 300 से 350 एमएलडी गंगाजल मिलना शुरू हो जाएगा। इससे पेयजल संकट खत्म हो जाएगा।

कई जगह मारपीट की नौबत बनी

जल संस्थान की टीम ने टैंकरों से पानी भेजा। लोहामंडी, शाहगंज, गोबर चौकी, आवास विकास सेक्टर दो और चार, यमुनापार क्षेत्रों में पानी भरने को लेकर मारपीट की नौबत तक आ गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। लोहामंडी मलिन बस्ती में लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी की। हैंडपंपों से लेकर सबमर्सिबल तक पर पानी भरने के लिए भीड़ रही।

इस समस्या का नहीं है कोई समाधान

आगरा शहर की प्यास बुझाने के लिए तीन हजार करोड़ रुपए से गंगाजल की पाइप लाइन बिछाई गई है लेकिन, हरिद्वार से अपर गंगा कैनाल में जैसे ही पानी कम होता है। इसका असर पालड़ा फाल पर पड़ता है। इससे शहर को गंगाजल भरपूर नहीं मिल पाता है। यह समस्या गर्मी में सबसे अधिक आती है। पिछले साल मई, जून और जुलाई में पांच बार यह समस्या आई थी। इस साल दो माह के भीतर तीन बार यह समस्या से लोग परेशान हो चुके हैं।

जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स

इसकी क्षमता 225 एमएलडी की है। वर्तमान में इसे 135 एमएलडी पर चलाया जा रहा है। निजी कंपनी द्वारा वाटरव‌र्क्स का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इस प्लांट से अभी तक यमुनाजल की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब 200 एमएलडी गंगाजल और सिर्फ 25 एमएलडी यमुनाजल की आपूर्ति हो सकेगी। शुक्रवार को 110 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति हुई।

गंगाजल प्लांट सिकंदरा

इस प्लांट की क्षमता 144 एमएलडी की है। इसे हर दिन पूरी क्षमता से चलाया जा रहा है। दो दिन 30-30 एमएलडी और तीसरे दिन 40 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति हुई।

एमबीबीआर प्लांट सिकंदरा

इस प्लांट की क्षमता 144 एमएलडी की है। इससे यमुनाजल की आपूर्ति होती है। शुक्रवार को इस प्लांट से 140 एमएलडी यमुनाजल की आपूर्ति हुई।

इन क्षेत्रों में सबसे अधिक दिक्कत

आवास विकास कॉलोनी सेक्टर एक से 16, लोहामंडी, शाहगंज, ताजगंज, केदारनगर, गढ़ी भदौरिया, जयपुर हाउस, बोदला, जगदीशपुरा, किशोरपुरा, नामनेर, काजीपाड़ा, मंटोला, छीपीटोला, नौलक्खा, सदर बाजार, मधुनगर, सेवला, शमसाबाद रोड, मदिया कटरा, यमुनापार।

तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है। घर में जो पानी स्टोर था, वह भी अब खत्म होने लगा है। जलकल में पानी के टैंकर के लिए कॉल किया, लेकिन नहीं भेजा गया।

मुकेश सिंह, सरस्वती नगर

शुक्रवार सुबह तो पानी ही आया ही नहीं। शाम को आया भी तो सिर्फ पांच मिनट के लिए। इधर-उधर से पानी भरने को मजबूर होना पड़ रहा है।

नितिन शर्मा, गढ़ी भदौरिया

जीवनी मंडी से 135 एमएलडी पानी की सप्लाई की गई है। पालड़ा फाल बुलंदशहर में गंगाजल पहुंचना शुरू हो गया है। शुक्रवार देररात या फिर शनिवार सुबह तक आगरा में पहुंच जाएगा। इसके बाद सप्लाई सामान्य हो जाएगी।

आरएस यादव, जीएम, जलकल