निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर से सवा महीने के लिए बंद हो जाएगा मदिया कटरा पुल

तीन और स्थानों पर चल रहे हैं निर्माण कार्य, हर रोज जाम के झाम से जूझते हैं शहरवासी

आगरा। शहरवासियों के लिए इस समय जाम एक बड़ी समस्या बना हुआ है। हाइवे हो या फिर अन्य कोई मार्ग हर जगह निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसके कारण रास्तों को या तो बंद कर दिया गया है या फिर उसके निकास की कोई छोटी व्यवस्था की है। इसके कारण हर रोज जाम लगा रहता है। अब 25 नवंबर से मरम्मत के लिए मदिया कटरा पुल को बंद किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यह मार्ग 31 दिसंबर तक बंद रहेगा। यानी करीब सवा महीने तक इसके चलते 12 लाख लोगों को आवागमन प्रभावित रहेगा। ऐसे में शहर के लोगों के सामने मुसीबत और बढ़ेगी। जाम के झाम में शहर फंसेगा।

इन स्थानों पर चल रहा है निर्माण कार्य

1- आईएसबीटी पर चल रहा फ्लाईओवर का निर्माण

आईएसबीटी पर फ्लाईओवर के निर्माण के चलते सिकंदरा से लेकर खंदारी तक जाम की स्थिति बनी रहती है। एनएचएआई ने दोनों ओर से हाईवे को ब्लॉक कर दिया है। सíवस रोड पर प्रोजेक्ट मैटेरियल फैलाकर डाल दिया है। इसके चलते वाहनों को रेंग-रेंगकर चलना पड़ रहा है। यहां तक सíवस रोड पर भी जगह न होने के कारण आईएसबीटी से खंदारी चौराहे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इस बारे में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनोज बंसल ने बताया कि दो महीने तक हाईवे ब्लॉक रहेगा। जो प्रोजेक्ट मैटेरियल पड़ा हुआ है, उसे हटवा दिया जाएगा।

2- सिकंदरा फ्लाईओवर भी बंद

इस समय सिकंदरा फ्लाईओवर को भी मरम्मत कार्य के चलते बंद कर दिया गया है। पिछले डेढ़ सप्ताह से भी ज्यादा समय से फ्लाईओवर को बंद किया हुआ है। इसके चलते हैवी व्हीकल्स सíवस रोड से गुजर रहे हैं। इसके कारण सिकंदरा से ओवरव्रिज खत्म होने तक जाम की बुरी स्थिति बनी रहती है। बेस्ट प्राइज के सामने कट बंद होने से सिकंदरा से खंदारी गुरुद्वारे की ओर जाने वाले वाहन रॉन्ग साइड से गुजर रहे हैं। यहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां तक अंडरग्राउंड पुल को भी नहीं खोला जा सका है।

3- पचकुईयां रेलवे पुल मरम्मत के चलते ब्लॉक

पचकुईयां रेलवे पुल मरम्मत के चलते पिछले 20 दिनों से भी ज्यादा समय से ब्लॉक किया हुआ है। इसके कारण सोरों कटरा की गली में जाम लगा रहता है। यहां ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी तैनात नहीं है। इसके कारण हैवी व्हीकल्स गली में एंट्री कर जाते हैं। इसके चलते हर समय जाम लगा रहता है।

यहां भी रहेगा बंद

यमुना ब्रिज-बयाना सेक्शन में किरावली और फतेहपुरसीकरी के बीच फाटक संख्या 54 आरओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसमें 23 नवंबर से स्टील गार्डर को बेस पर चढ़ाया जाना है। इसके लिए 21 से 24 नवंबर तक किरावली से कागारौल जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक बंद रहेगा। इसके चलते फाटक संख्या 55 एवं 53 से डायवर्ट रहेगा।

सहालग में बढ़ेंगी दुश्वारियां

सहालग सीजन में शहर में दुश्वारियां बढ़ जाएंगी। ऐसे में 25 नवंबर को देवोत्थान होने के कारण शादियां शुरू हो रही है। ऐसे में शहर में पहले से ही जाम लग रहा है। 25 से मदिया कटरा पुल बंद होने से दिक्कत और बढ़ जाएगी।

मरम्मत कार्य के चलते मदिया कटरा पुल को 25 नवंबर से बंद किया जाएगा। 21 के बाद पंचकुइयां को खोल दिया जाएगा। मदिया कटरा मार्ग 25 नवंबर से 31 दिसम्बर तक बंद रहेगा।

एसके। श्रीवास्तव, डीसीएम, रेलवे