आगरा। भूमि त्रिवेदी ने गोलियों की रासलीला रामलीला फि़ल्म का सुपरहिट गाना राम चाहे लीला चाहे लीला चाहे राम गाया तो हर एक दर्शक ने तालियों से उन्हें खूब दाद दी। रईस फि़ल्म का उड़ी उड़ी जाए और जीरो फिल्म का हुस्न परचम के जरिए माहौल बना दिया। इसके अलावा भूमि त्रिवेदी ने घनी कूल छोरी भी गाया जिसे जनता ने बहुत पसंद किया।

हंसिका अय्यर ने दी पर्फोंमेंस
सिंगर हंसिका अय्यर ने भी शानदार प्रस्तुति दी। चेन्नई एक्सप्रेस का वन टू थ्री फॉर गेट ऑन द डांस फ्लोर खिलाड़ी 786 फिल्म का लोनली रा-वन का छम्मक छल्लों गाकर समां बांध दिया। इन दोनों कलाकारों से पहले सिंगर अनिल भट्ट ने भी बेहतरीन अंदाज में अपनी गायकी पेश की। थारे बिना लागे नाहीं म्हारा जिया रे, अल्लाह के बंदे हंस दे और प्रीत की लत मोहे ऐसी लागी गानों को गाकर माहौल बना दिया। इन कलाकारों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

झूमने लगे दर्शक
हुनर हाट की स्टार नाइट को आगराइट्स ने खूब एंज्वॉय किया। यहां पर बनाए गए स्टेडियमनुमा बनी दर्शक दीर्घा हाउसफुल हो गई। यहां पर एक बार में आठ हजार लोगों के बैठने की कैपिसिटी है। सिंगर्स के गानों को दर्शकों ने ऐसा पसंद किया कि वे अपनी सीट पर ही झूमने लगे। इसके साथ ही जिन लोगों को जगह नहीं मिली वे शिल्पग्राम के कैंपस में ही झूमते नजर आए।

दिल्ली से आए कारीगरों ने बनाया स्टेडियम
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आगरा से दिल्ली जाते तत्काल कार्यक्रमों में लोगों के बैठने की व्यवस्था और ज्यादा करने और पंडाल को स्टेडियम की तरह बनाने का निर्देश दिया था। इसके बाद रातों-रात दिल्ली से स्टेडियम बनाने के कुशल कारीगरों ने आगरा पहुंच कर पंडाल की सूरत बदल दी। स्टेडियम की शक्ल देने का काम उन्हीं लोगों ने किया है जो दिल्ली में 26 जनवरी की परेड के मौके पर राजपथ के दोनों तरफ लोगों की बैठने की उत्तम व्यवस्था करते हैं। 24 घंटे के अंदर इस तरह का खूबसूरत स्टेडियम जैसा नजारा देने वाला भव्य पंडाल बनने से प्रशासनिक अधिकारी भी आश्चर्यचकित हैं और कहते देखे जा रहे हैं, वाह हुनर हाट, इसे ही कहते हैं कौशल कुबेरों का कमाल।

नहीं हो रही दिक्कत
हुनर हाट में न सिर्फ आगरा और आस-पास के लोग बल्कि विदेशी सैलानी भी बड़ी संख्या में हुनर हाट में आ रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग हर दिन हुनर हाट देखने के लिए शिल्पग्राम पहुंच रहे हैं। पहले करीब 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी और अब करीब 8 हजार लोग पारम्परिक सर्कस, गीत-संगीत, लेजर शो और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आराम से देख सकते हैं। हर उम्र और हर तबके के लोग शाम को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बन रहे हैं। भारी-भीड़ होने के बावजूद लोगों को कोई असुविधा नहीं हो रही है। एंट्री और एग्जिट प्वॉइंट भी ऐसे हैं कि लोगों के आने-जाने में दिक्कत नहीं आती है। हुनर हाट के मंच पर हैरतअंगेज़ सर्कस के अलावा बॉलीवुड से जुड़ी तमाम बड़ी हस्तियों की शानदार प्रस्तुति हर दिन हो रही है जिसका लोग जी भर के लुत्फ ले रहे हैं। हुनर हाट ने सामने के मैदान में मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था भी कराई है।