आगरा। जहां भी महिला टॉयलेट की जरूरत है, वहां निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मौजूदा समय में स्थापित टॉयलेट की बदहाल स्थिति को दूर किया जाएगा। ये कहना था स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी अशीष शुक्ला का। वह एक्सक्यूजमी कैंपेन के तहत दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ऑफिस में आयोजित परिचर्चा में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कई कॉलर की समस्याओं को भी सुना। इन समस्याओं के जल्द से जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।

अलग से बनेगा गेट

राजामंडी मुख्य बाजार एसोसिएशन के मंत्री पदम कुमार ने बाजार में महिला टॉयलेट की समस्या उठाई। कहा कि बाजार में अभी जो टॉयलेट है, उसमें महिलाओं की एंट्री के लिए एक अलग से गेट बना दिया जाए। इस पर स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी आशीष शुक्ला ने इसे जल्द से जल्द कराने का आश्वासन दिया।

प्लेसेज को किया जा रहा चिह्नति

शाहगंज, सिंधी बाजार, फव्वारा जैसे बाजारों में महिला टॉयलेट की अवेलेबिलिटी न होने को भी स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी ने प्रमुखता से लिया। कहा कि ऐसे प्लेसेज को चिह्नति किया जा रहा है। जहां भी महिला टॉयलेट की जरूरत है, वहां निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

पिंक टॉयलेट की स्थिति भी सुधरेगी

शहर में अब तक जहां भी पिंक टॉयलेट बने हैं, उनकी बदहाली और रखरखाव पर चर्चा की गई। जिस पर स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी ने कहा कि जल्द ही अव्यवस्थाओं को दूर किया जाएगा। इसके लिए एक अभियान भी शुरू होगा, जिससे पिंक टॉयलेट की स्थिति में सुधार हो। 15 दिन के अंदर शहर में पिंक टॉयलेट की स्थिति में सुधार होगा।

सोलर पैनल लगेगा

पिंक टॉयलेट में लाइटिंग की बहुत बड़ी प्रॉब्लम है। इस समस्या से छुटकारा के लिए बड़ा स्टेप लिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी ने कहा कि ऐसे पिंक टॉयलेट पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे पिंक टॉयलेट में लाइटिंग की प्रॉपर व्यवस्था रहे। रात में टॉयलेट का यूज करने के दौरान महिलाओं को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े।

टॉयलेट में पानी की समस्या होगी दूर

शहर के अधिकतर टॉयलेट में पानी की समस्या है। इसको अगले 15 दिन में दूर किया जाएगा। वह पिंक टॉयलेट हो या फिर अन्य कोई पब्लिक टॉयलेट, सभी को दुरुस्त किया जाएगा। अगले कुछ दिनों में ही तस्वीर बदली हुई दिखेगी।

बाजार में सिर्फ एक टॉयलेट है। जिस तरह से यहां कस्टमर आता है। बड़ी संख्या में महिला कस्टमर भी पहुंचती हैं। ऐसे में यहां और भी टॉयलेट की दरकार है। नगर निगम इस ओर ध्यान दे। एसोसिएशन टॉयलेट का मेंटीनेंस करने के लिए तैयार है।

रामनिवास राठौर, अध्यक्ष, राजामंडी मुख्य बाजार कमेटी

पास में एक पिंक टॉयलेट था। उसे भी हाल में ही हटा दिया है। अब पूरे बाजार में कोई टॉयलेट नहीं है। जबकि यहां रोज हजारों की संख्या में कस्टमर का फुटफॉल रहता है। महिला कस्टमर को भी दिक्कत होती है।

ललित गुप्ता, सचिव, सिटी प्लाजा वेलफेयर एसोसिएशन

बाजार में जो टॉयलेट है, उसमें महिलाओं के लिए अलग से गेट बनना चाहिए। जिससे महिलाओं को कोई दिक्कत न हो। इस ओर नगर निगम को ध्यान देने की जरूरत है।

पदम कुमार, मंत्री, राजामंडी मुख्य बाजार कमेटी

बाजार में कहीं भी टॉयलेट नहीं है। ऐसे में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बाजार में टॉयलेट निर्माण के लिए भी काफी दिक्कत है, जिसको नगर निगम ही दूर कर सकता है।

कृष्ण कुमार जग्गी, अध्यक्ष, शाहगंज बाजार व्यवसाय समिति

वर्जन

शहर में टॉयलेट की बदहाल तस्वीर को जल्द बदला जाएगा। 15 दिन में इसका असर भी देखने को मिलेगा। सभी पिंक टॉयलेट दुरुस्त होंगे। इनमे पानी और लाइटिंग की प्रॉपर व्यवस्था होगी। जहां भी अन्य दिक्कतें हैं उनको दूर किया जाएगा। जहां भी टॉयलेट की जरूरत है, ऐसे स्थानों को चिह्नति कर टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा।

आशीष शुक्ला, प्रभारी, स्वच्छ भारत मिशन, नगर निगम, आगरा

जिस किसी भी महिला टॉयलेट में कोई दिक्कत है, उन्हें दूर कराया जाएगा। शहर के सभी टॉयलेट में अव्यवस्थाएं दूर होंगी। कल से ही इस पर कार्य किया जाएगा।

केके पांडेय, प्रोजेक्ट मैनेजर, स्वच्छ भारत मिशन, नगर निगम, आगरा

कई जगह आज भी महिला टॉयलेट की स्थिति दयनीय है। इसको लेकर निगम अधिकारियों से कहा गया है। अब उम्मीद है जल्द ही इनकी स्थिति सुधरेगी। महिलाओं को राहत मिलेगी।

श्रवण कुमार, एक्टिविस्ट

किसी टॉयलेट में दरवाजा नहीं होता, तो किसी टॉयलेट में अन्य अव्यवस्थाएं मिलती हैं। इन समस्याओं के बारे में नगर निगम अधिकारियों ने जल्द ही एक्शन लेने का भरोसा दिलाया है। उम्मीद है जल्द पब्लिक टॉयलेट की स्थिति सुधरेगी। महिलाओं को भी राहत मिलेगी।

आनंद राय, एक्टिविस्ट