आगरा। सावन के हर सोमवार की तरह अंतिम सोमवार को भी शहर के प्रमुख शिव मंदिरों के पट भक्तों के लिए बंद रहे। मंदिरों के बाहर पुलिस का पहरा रहा। इस दौरान शिव भक्तों ने ऑनलाइन भगवान शिव के दर्शन किए। लोगों ने घर पर ही रहकर भोलेशंकर का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। बता दें कि हर बार सावन के सोमवार को शिव मंदिरों पर शिव भक्तों का सैलाब उमड़ता था, लेकिन इस बार कोविड-19 के चलते ऐसा देखने को नहीं मिला।

महंतों ने की पूजा

शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में सावन के अंतिम सोमवार को सुबह से महंत और पुजारियों द्वारा जलाभिषेक और आरती की गई। इसमें रावली महादेव मंदिर, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, राजेश्वरनाथ मंदिर, वनखंडी महादेव मंदिर, बल्केश्वर महादेव मंदिर, कैलाश महादेव मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर आदि मंदिरों पर सुबह से फूल बंगला, पूजा आरती और जलाभिषेक किया गया। कैलाश मंदिर पर पास के कुछ लोग मंदिर में जल और नेवैद्य सामग्री लेकर पूजन को पहुंच गए। पुलिस को जानकारी होने पर फिर मंदिर के पट बंद कर दिए गए। सभी मंदिरों के पास पुलिस का पहरा रहा। श्रद्धालुओं को एंट्री नहीं दी गई।

ऑनलाइन करवाए दर्शन

सोमवार को शहर में कई मंदिरों में ऑनलाइन दर्शन की सेवा भी उपलब्ध रही। इसमें कैलाश महादेव मंदिर में फेसबुक के माध्यम से लोगों को महादेव के दर्शन कराए गए। कैलाश मंदिर के नाम से फेसबुक आईडी पर भी वीडियो अपलोड कराए गए। इस बारे में कैलाश मंदिर के महंत गौरव गिरि ने बताया कि रात में बर्फ का फूल बंगला सजेगा और आरती होगी। इसके वीडियो भी अपलोड किए जाएंगे, जिससे भक्त इनका दर्शन कर सकें। वहीं मनकामेश्वर मंदिर में भी ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की गई।