आगरा(ब्यूरो)। सिकंदरा थाना पुलिस ने गैंगस्टर मुकदमे के आरोपी चेतन जादौन की शनिवार को 9 करोड़ से अधिक की संपत्ति को कुर्क किया है। इसमें घर और दुकानें शामिल हैं। भूमाफिया ने ये संपत्ति अवैध तरीके से जमीन को कब्जाकर हासिल की थी।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपी चेतन जादौन पर 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2019 में आरोपी चेतन जादौन के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था।

माफिया के मकान, 6 दुकान और प्लॉट कुर्क
इसके बाद पुलिस कमिश्नर डॉ। प्रीतिंदर सिंह के आदेश के बाद गैंगस्टर के आरोपी चेतन जादौन की सिकंदरा स्थित रामजी धाम कॉलोनी स्थित 9 करोड़ से अधिक की संपत्ति को आज कुर्क किया गया है। इस कार्रवाई के तहत आरोपी चेतन जादौन का मकान, 6 दुकान और प्लॉट को कुर्क किया गया है। यह संपत्ति आरोपी चेतन जादौन ने गैरकानूनी कार्यों से अर्जित की थी। इस तरह से ऐसे माफिया जो अवैध तरीके से संपत्ति हासिल कर चुके हैं, एन पर कार्रवाई जारी रहेगी।

क्षेत्र में दबंग है क्रिमिनल चेतन जादौन
भूमाफिया चेतन जादौन क्षेत्र में दबंग है, क्रिमिनल एक्टिविटी में लिप्त है। आरोपी चेतन पर वर्ष 2005 से लेकर अब तक 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी ने दंबगई के दम पर कई संपत्तियां कब्जाई हैं, इसमें सरकारी जमीन भी शामिल हैं। इसके बाद आरोपी चेतन जादौन को प्रशासन की ओर से भूमाफिया घोषित किया गया था। अब पुलिस ने चेतन जादौन की 9 करोड़ से अधिक की संपत्ति को धारा 14 (1) के तहत कार्रवाई कर कुर्क कर दिया है। इस दौरान कई थानों का फोर्स कार्रवाई में मौजूद रहा।

परिवार के सदस्यों के नाम खरीदी कुर्क
आरोपी चेतन जादौन के परिजनों के नाम पर जिनमें पिता दौलतराम, भाई अरविन्द कुमार जादौन, प्रमोद सिंह जादौन, भाभी पल्लवी देवी पत्नी प्रमोद सिंह जादौन व बहन सुमित्रा ठाकुर पत्नी दुधनाथ ठाकुर के नाम पर क्रय करके अवैध रूप से कमाई अर्जित की गई, इसको कुर्क किया गया।

मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
पुलिस उपायुक्त, नगर विकास कुमार के नेतृत्व में एसीपी मयंक तिवारी, हरीपर्वत थाना प्रभारी अरबिंद कुमार, थाना आनंद कुमार शाही थाना प्रभारी सिकन्दरा, थाना प्रभारी कमलानगर समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण के साथ मिलकर, गैंगस्टर चेतन जादौन के द्वारा अवैध तरीके से कमाई से अर्जित की गई कुर्क की।

अरेस्ट किया माफिया
-चेतन जादौन पुत्र दौलतराम जादौन निवासी रामाजीधाम कॉलोनी सिकन्दरा
- वर्ष 2005 से अब तक कुल 18 मुकदमे हैं दर्ज


कुर्क की संपत्ति
-101. प्लाट मौजा सिकन्दरा बहिस्तबाद आगरा, क्षेत्रफल 512.11 वर्ग मीटर, मूल्य, 2,25,35,680 रुपए

-1 03. प्लाट मौजा सिकन्दरा बहिस्तबाद आगरा, क्षेत्रफल 512.11 वर्ग मीटर, 2,25,35,680 मूल्य रुपए

-आवासीय भूखंड संख्या 5-6, रामाजीधाम थाना सिकन्दरा,, क्षेत्रफल 13.545 वर्ग मीटर, मूल्य 14,48,005 रुपए

-1 05. आवासीय मकान संख्या - 7 रामाजीधाम सिकन्दरा, क्षेत्रफल 285.730 वर्ग मीटर,रुपए 1,51,20,248 रुपए

-1 06. अर्धनिर्मित आवासीय भूखण्ड मौजा सिकन्दरा बहिस्ताबाद, क्षेत्रफल 60.695 वर्ग मीटर, मूल्य 60,75,051 रुपए


भूमाफिया चेतन जादौन की संपत्ति 9 करोड़ से अधिक जब्त की गई है, उस पर 18 मुकदमे दर्ज हैं। ये संपत्ति आरोपी ने अपने परिजनों के नाम से खरीदी थी।
विकास कुमार, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस