आगरा: शराब व्यवसायी के मैनेजर की लूट के दौरान हत्या करने वाला बदमाश हसन पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। सीसीटीवी फुटेज से पहचान होने के बाद भी तीन दिन में वह पुलिस के हाथ नहीं आया है। उसकी तलाश में पुलिस की पांच टीमें तीन राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।

एत्माद्दौला के नवलगंज में सोमवार सुबह शराब व्यवसायी विनोद यादव के मैनेजर सोनू की गोली मारकर हत्या करने के बाद शातिर छह लाख रुपये लूट ले गए थे। सोनू हाथरस के गांव बुढ़ायच का रहने वाला था। वारदात के बाद पुलिस को शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे से गोली मारने वाले बदमाश के फुटेज मिल गए। इसमें आरोपित का चेहरा भी साफ दिख गया। कुछ देर में ही बदमाश की पहचान सीता नगर निवासी हसन के रूप में हो गई। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगी है। सभी रिश्तेदारों पर शिकंजा कस लिया। आगरा के अलावा पुलिस उसकी तलाश मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में कर रही है। वारदात में उसके साथ अन्य दो बदमाश कौन शामिल थे? इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि बदमाश की गिरफ्तारी को पांच टीमें लगाई गईं हैं। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और थानों की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। उसके बारे में कुछ पुख्ता सुराग मिले हैं। उम्मीद है कि वह जल्द गिरफ्तार हो जाएगा।

मुंबई जाता रहता है शातिर

हसन के बारे में पुलिस ने एक-एक जानकारी कर ली है। उसके सभी रिश्तेदारों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस को जानकारी हुई है कि हसन अक्सर मुंबई जाता रहता है। कई बार उसने फेसबुक पर फोटो भी डाले थे। पुलिस अब उसके परिचितों के यहां भी दस्तक दे रही है।