-दोपहर के भोजनावकाश के दौरान मेस में लगाई फांसी

-दिल्ली पुलिस की सिपाही की सूचना पर हुई घटना की जानकारी

फिरोजाबाद: पुलिस लाइन में शुक्रवार दोपहर प्रशिक्षु सिपाही ने मेस में फांसी लगा ली। गणना मैनेजर के पास दिल्ली पुलिस की सिपाही का फोन आने पर घटना की जानकारी हुई। प्रशिक्षु सिपाही बागपत(मेरठ) का रहने वाला था।

बागपत का रहने वाला है हरीश

बागपत जिला के गांव ¨सघावली अहीर निवासी हरीश कुमार (23 वर्ष) यहां नवंबर, 2020 से प्रशिक्षण ले रहा था। घटनाक्रम के मुताबिक, शुक्रवार 12 बजे लंच ब्रेक में हरीश मेस नंबर दो में चला गया। आधा घंटा बाद फिर से क्लास शुरू हुई, मगर हरीश नहीं आया। हरीश पर मेस के प्रबंधन की भी जिम्मेदारी थी, इसलिए उसके न लौटने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

फोन आया तो चला पता

दोपहर डेढ़ बजे पुलिस लाइन के गणना मैनेजर रूप किशोर शर्मा के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को दिल्ली पुलिस की सिपाही बताया और कहा कि हरीश ने फांसी लगा ली है, उसे जाकर बचा लो। गणना मैनेजर तत्काल ही मेस पर पहुंचे। लेकिन, दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह दरवाजा तोड़ा गया। अंदर देखा तो हरीश पंखे से लटक रहा था। अन्य प्रशिक्षुओं की मदद से हरीश को उतारकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रेम प्रसंग का मामला

एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि हरीश कुमार का दिल्ली पुलिस की सिपाही से करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना से पहले दोनों में वीडियो कालिंग हो रही थी। इसी बीच विवाद होने पर हरीश ने फांसी लगा ली। मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। परिवार वालाें को सूचना दे दी गई है।