-पुत्रवधू ने साजिश के तहत जलाकर हत्या करने का लगाया आरोप

-शाम को निकले थे घर से, सुबह गांव की एक झोंपड़ी में जला शव मिला

आगरा: एत्मादपुर के रसूलपुर में ग्राम प्रधान की झोंपड़ी में जलाकर हत्या कर दी गई। सुबह उनका शव गांव की एक झोंपड़ी की राख में पड़ा मिला। पुत्रवधू साजिशन झोंपड़ी में आग लगाकर हत्या करने का आरोप लगा रही है।

हत्या का लगाया आरोप

रसूलपुर के ग्राम प्रधान 48 वर्षीय हरीकिशन मंगलवार शाम को घर से निकले थे। पुत्रवधू रूबी ने बताया कि देर रात तक वे जब घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह ग्रामीणों से उन्हें गांव के बाहर दूसरे कोने पर रसीद खां की झोंपड़ी में लगी आग में उनके जलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची तो झोंपड़ी की राख में उनका शव जला हुआ पड़ा था। शव पूरी तरह जल गया है। अधजले कुछ कपड़ों से उनकी शिनाख्त हुई है। रूबी के मुताबिक, उनके ससुर को साजिश के तहत झोंपड़ी में ¨जदा जलाकर मारा गया है। उन्होंने पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

झोंपड़ी में कैसे लग सकती है आग?

ग्राम प्रधान के बेटे अनूप का कहना है कि रसीद खां की झोंपड़ी में रात को कोई नहीं रहता था। इसमें ऐसी कोई वस्तु भी नहीं रखी थी कि अपने आप आग लग सकती हो। उनके पिता इस झोंपड़ी में कैसे पहुंचे? यह भी जांच का विषय है। अगर झोंपड़ी में आग अपने आप लगती तो बचने को वे बाहर भाग सकते थे? उन्हें यह भी आशंका है कि हत्या करके हादसा दिखाने के लिए झोंपड़ी में आग लगाई गई हो। ग्राम प्रधान के बेटे 14 वर्षीय अनूप का आरोप है कि दस दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति ने उनके पिता से मारपीट की थी। इसकी तहरीर भी पुलिस को दी थी। मगर, इसमें कार्रवाई नहीं हुई। उसको उसी व्यक्ति पर पिता की हत्या का शक है।

एसएसपी पहुंचे, फील्ड यूनिट बुलाई

एसएसपी बबलू कुमार भी दोपहर में घटनास्थल पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट और फायर ब्रिगेड की टीम भी जांच के लिए मौके पर बुला लीं। एसपी पश्चिम रवि कुमार, सीओ अतुल सोनकर भी मौके पर पहुंचे।