आगरा(ब्यूरो)। ईसाई कैलेंडर के सबसे महत्वपूर्ण एंव दुखद दिन गुड फ्राइडे पर शहर के सभी गिरजाघरों एवं मसीही संस्थानों, घरों आदि में प्रभु ईसा मसीह की सलीब पर कष्टदायी मृत्यु को पारंपरिक शोक एवं धार्मिक वातावरण में याद किया गया। पुण्य शुक्रवार के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गई।

पापों का किया प्रायश्चित
वजीरपुरा मार्ग स्थित निष्कलंक माता महागिरजाघर में आर्चबिशप डॉ। राफी मंजलि ने फादर इग्नेशियुस मिरांडा, फादर एंड्रयू कोरेया, फादर लुईस, फादर सेबास्टियन, छावनी स्थित सेंट पैट्रिक्स चर्च में फादर ग्रेगरी ने फादर भास्कर के साथ, प्रतापपुरा स्थित सेंट मेरीज चर्च में फादर जोसफ डाबरे ने फादर प्रकाश रोड्रिग्ज, फादर जॉन फरेरा के साथ मुख्य प्रार्थनाएं संपन्न कराईं। इस दौरान बड़ी संख्या में पुरोहितों एवं समाज के लोगों ने अपने पापों का प्रायश्चित करते हुए विश्व कल्याण की कामना की। आर्चबिशप ने जनकल्याण के लिए मुख्य धर्मविधि संपन्न कराई।

क्रूस के रास्ते का मंचन
डिंपल मैथ्यू के निर्देशन में चर्च के युवाओं ने प्रभु ईसा के क्रूस रास्ते, 14 मुकामों का जीवित मंचन किया। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने सभी का आभार प्रकट करत हुए ईस्टर संडे में भाग लेने की अपील की। शनिवार रात 11 बजे जागरण की मिस्सा होगी। रविवार को सुबह साढ़े चार बजे आगरा कैंट स्थित सेंट जॉर्जेज चर्च से मसीही समाज की एक प्रभातफेरी निकलेगी, जो चर्च की परिक्रमा कर चर्च परिसर में लौटेगी।


प्रभु ईसा ने समाज को शांति और सेवा का संदेश दिया है। हम सभी को उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। अहंकार और हिंसा को त्यागना चाहिए। जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए।
फादर एंड्रयू कोरेया

प्रभु ईसा मसीह की सलीब पर कष्टदायी मृत्यु को पारंपरिक शोक एवं धार्मिक वातावरण में याद किया गया। शनिवार रात 11 बजे जागरण की मिस्सा होगी।
फादर मून लाजरस