आगरा। कृषि विधेयकों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस, सपा, आप सहित किसान संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। देहात में कई जगह चक्का जाम करने की कोशिश की गई।

सड़क पर उतरी कांग्रेस

कृषि विधेयकों के खिलाफ शुक्रवार को शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सुबह 11:30 बजे सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट के लिए मार्च किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें धाकरान चौराहे से आगे नहीं बढ़ने दिया। यहां प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन एसीएम वीरेंद्र मित्तल को सौंपा। प्रदर्शन में अशोक शर्मा, नंदलाल भारती, डॉ। मधुरिमा शर्मा, विराग जैन, कपिल गौतम, विनोद जरारी, अजहर वारसी, आइडी श्रीवास्तव, शिल्पा दीक्षित, माया माहौर, मुन्नालाल वर्मा, हबीब कुरैशी, अश्वनी कुमार बिट्टू, अदनान कुरैशी आदि शामिल रहे। उधर, युवा कांग्रेसियों ने गांव बाद और ककुआ में किसानों के भारत बंद को समर्थन दिया। व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हेमंत चाहर, दीपक शर्मा, सीएम पाराशर, अतुल यादव, जगदीश लवानिया, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।

सपा ने भी किया विरोध

राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन के नेतृत्व में 11 बजे सपाई कलक्ट्रेट में एकत्रित हुए। सुमन ने कहा कि कृषि विधेयक के रूप में भाजपा सरकार किसानों पर काला कानून थोप रही है। यह विधेयक किसान विरोधी है। महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने कहा कि इस काले कानून को सरकार ने यदि जल्द वापस नहीं लिया तो सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होंगे। जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल ने कहा कि बड़े व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए इस विधेयक को लाया गया है। इस दौरान महानगर महासचिव पवन दौनेरिया, कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता, पुष्पेंद्र शर्मा, किशन यादव, राम नरेश यादव, तेजपाल यादव आदि मौजूद थे।

देहात में किसान संगठनों में आक्रोश

ब्लाक पिनाहट के थाना मनसुखपुरा के गांव करकोली स्थित पिनाहट राजाखेड़ा मार्ग पर भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने सड़क पर करीब दस मिनट का चक्का जाम कर किनारे बैठकर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारतीय किसान यूनियन के उपजिलाध्यक्ष भूरेलाल शर्मा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान तहसील अध्यक्ष अजयराज शास्त्री, तहसील प्रभारी विनोद परिहार, ब्लॉक अध्यक्ष अजय रामकेश कंसाना, मनोज परिहार, रामवकील परिहार, वीके गोस्वामी, तेजवीर सिंह, सूरज सिंह, आशाजीत भदौरिया आदि मौजूद रहे।

वहीं किरावली में किसान संगठन पूरी तरह लामबंद हो गये हैं। किसान नेता श्याम सिंह चाहर की अगुवाई में तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गये। श्याम सिंह चाहर ने कहा कि सरकार पूरी तरह उद्योगपतियों के इशारे पर चल रही है। एसडीएम सुमित सिंह को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संयुक्त रूप से संबोधित ज्ञापन सौंपा गया और तीनों विधेयकों को वापस लेने की मांग की। इस दौरान बने सिंह पहलवान, विनीश बंसल, सोमवीर यादव, द्वारिका प्रसाद, सिंधी कुरैशी, केरन सिंह, रामप्रकाश सोलंकी, मुजम्मिल हसन मौजूद रहे।

खेरागढ़ के कागारौल में भारतीय किसान यूनियन आगरा जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र लवानियां गांधी के नेतृत्व में आगरा जगनेर रोड़ कागारौल में चक्का जाम किया गया। एक घंटे तक चक्का जाम किया गया। सड़क के दोनों ओर दो दो किलोमीटर तक लम्बा जाम लग गया। चक्का जाम और प्रदर्शन करने वालों में लोकेश चौधरी, विनोद जादौन, इशाक उस्मानी, नाजिम उस्मानी, अमित माथुर, राजा, अमित लवानिया, समीरा उस्मानी, खुर्शीद, शब्बीर उस्मानी, अरुण लवानियां आदि किसान मौजूद रहे।