आगरा: दयालबाग-जयराम बाग सड़क की दुर्दशा पर क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। गुस्साए लोगों ने मंगलवार को नगर निगम में प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क के गड्ढे भरने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। इस बीच यदि गड्ढे नहीं भरे गए तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है।

रविवार शाम को दयालबाग-जयराम बाग सड़क फिर से धंस गई थी। सड़क में गहरा गड्ढा हो गया। इससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। 20-25 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोग कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित लोगों नगर निगम पर प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता आरके सिंह को अपनी समस्या बताई। कहा, यह रोड एक महीने में पांचवीं बार धंसी है। इससे पहले जो गड्ढे हुए थे, उन्हें भी अब तक नहीं भरा गया है। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों को आने-जाने के लिए कई किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। यह रोड पूरी तरह से खोखली हो गई है। वाहन सवार यहां से अपने वाहन निकालने में घबराने लगे हैं। सीवर और गंगाजल की लाइन डालने के बाद इसकी मानकों के अनुरूप मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते आए दिन यह सड़क धंस जाती है। लोगों का कहना है कि सरकारी लापरवाही से किसी दिन किसी की जान भी जा सकती है। प्रदर्शन में चौधरी रामवीर सिंह, सौरभ चौधरी, सत्यवीर सिंह चौधरी, धर्मवीर चौधरी, हेमंत, पवन चौहान, विश्वेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। इससे पहले इन्हीं लोगों ने सोमवार को आगरा विकास प्राधिकरण पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।