- जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से गुजर रहीं पाइपलाइन हो चुकी हैं जर्जर

- ऐसे में गंगाजल के बढ़े हुए प्रेशर से और लीकेज होने की आशंका

आगरा। यमुना जल का प्रेशर नहीं झेल पा रहीं पाइपलाइन गंगाजल को कैसे घर-घर तक पहुंचाएंगी? इस सवाल का जवाब जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से जा रहीं जर्जर पाइपलाइन की हालत देखकर लगाया जा सकता है। जगह-जगह लीकेज हो रखे हैं। इससे पेयजल सड़कों और नालियों में बह रहा है। ऐसे में बुधवार को वाटरव‌र्क्स को गंगाजल मिलना और शुरू हो गया है, ऐसे में कम पानी का प्रेशर नहीं झेल पा रहीं लाइनों से 200 एमएलडी गंगाजल के डिस्ट्रीब्यूशन पर आशंका के बादल मंडरा रहे हैं।

लीकेज बढ़ा रहे पेयजल संकट

शहर में पाइपलाइन की लीकेज पेयजल संकट बढ़ा रही हैं। शहर में पाइपलाइनों के दुरुस्तीकरण के लिए हर महीने लाखों रुपये के प्रस्ताव तैयार किए जाते हैं, लीकेज की मरम्मत के लिए जलकल विभाग टेंडर भी उठाता है। फिर भी पाइपलाइन की लीकेज दुरुस्त नहीं हो पा रही हैं। इसके चलते पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से आधे शहर को आपूर्ति की जाती है। पिछले तीन दिनों से जगह-जगह लीकेज के चलते पेयजल आपूर्ति बाधित बनी हुई है।

भाजपा विधायकों ने किया उद्घाटन

मकर संक्रांति के दिन भाजपा विधायक योगेन्द्र उपाध्याय, पुरुषोत्तम खण्डेलवाल और राम प्रताप सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से बल्देव मथुरा के नेरा गांव में स्थित वीपीटी टैंक पर गंगा मैया का पूजन किया। 20 फुट गहरे गड्ढे में जाकर जीवनी मंडी के लिए वाटर सप्लाई शुरू कर दी। अब जीवनी मण्डी वाटरव‌र्क्स को प्रतिदिन 200 एमएलडी गंगाजल मिल सकेगा। दक्षिण, उत्तर, एत्मादपुर, छावनी विधानसभा के क्षेत्रों को अब यमुना जल के स्थान पर गंगाजल की आपूर्ति हो सकेगी। अब रोजाना 370 एमएलडी पानी मिल सकेगा। इस दौरान गंगाजल प्रोजेक्ट के जीएम पीयूष पंकज और परियोजना प्रबन्धक आरके पंकज, ओमप्रताप सिंह, पार्षद राजेश कुमार प्रजापति, संजय जैन, वात्सल्य उपाध्याय, धीरज जैन, नीशू कपूर, डॉ। अलौकिक उपाध्याय, शिवांग खण्डेलवाल, अनिल कोहली, सियाराम प्रजापति आदि मौजूद रहे।

बंद पड़ा है 90 एमएलडी का प्लांट

जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स पर 90 एमएलडी का प्लांट बंद किया हुआ है। इसके चलते 135 एमएलडी से भी कम पेयजल की आपूर्ति हो पा रही है। बल्केश्वर चौराहा, हरीपर्वत चौराहा, आगरा किला के सामने पाइपलाइन का काम चल रहा है। इसके चलते एक चौथाई एरिया की पेयजल आपूर्ति बाधित हो चुकी है।

पंप भी ठीक से नहंी कर रहे काम

जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स पर 20 पंप हैं। इसमें सात बेकार हो चुके हैं। 13 ही सुचारू हैं। इनमें सभी को नहीं चलाया जाता है। बता दें कि जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स पर तीन प्लांट हैं। इसमें दो 90 एमएलडी के और एक 45 एमएलडी का है। इस समय कुल 225 एमएलडी की क्षमता है। इसमें 200 गंगाजल मिल सकेगा। ऐसे में पानी को स्टोर करने की व्यवस्था न होने के कारण गंगाजल का यमुना में बहना तय माना जा रहा है।

शहर की स्थिति

वार्ड:::100

आवास::: चार लाख से ज्यादा

वाटर कनेक्शन::लगभग दो लाख घरों में

पॉपुलेशन::: 20 लाख

वार्डो में पाइपलाइन: 18

वार्डो में आंशिक रूप से लाइन:: 55

वार्डो में पाइपलाइन नहीं:: 27

जीवनी से यहां होती है सप्लाई

रावतपाड़ा

दरेसी

बेलनगंज

मोतीकटरा

रावली

कलक्ट्रेट

रकाबगंज

छीपीटोला

नरायच

शाहदरा

एत्माद्दौला

काला महल

जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स प्लांट

प्लांट:::3

- 45 एमएलडी

-90 एमएलडी

- 90 एमएमडी (ये बंद है)

-225 एमएलडी कुल आपूर्ति

यहां लीकेज हो रखी लाइन

बल्केश्वर चौराहा

हरीपर्वत

आगरा किला के पास