आगरा : हाईकोर्ट के आदेश के बाद शासन ने देर रात आरक्षण आवंटन को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले के 15 ब्लाकों में से पांच ब्लाक प्रमुख पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें दो सामान्य महिला, एक एससी और दो ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। सात ब्लाक प्रमुख पद अनारक्षित हैं।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए ग्राम पंचायतों के साथ ही ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत के वार्डों का आरक्षण आवंटन नए सिरे से किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने जिले के 15 ब्लाक प्रमुख पदों का आरक्षण भी निर्धारित कर दिया है। इसके तहत अनुसूचित जाति (एससी) के लिए तीन ब्लाक प्रमुख पद आरक्षित किए गए हैं। इनमें एक ब्लाक प्रमुख पद एससी महिला के लिए रहेगा। इसी प्रकार अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए ब्लाक प्रमुख के चार पद आरक्षित किए गए हैं। इनमें से दो ओबीसी महिला के लिए रहेंगे। दो ब्लाक प्रमुख पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित हैं। इस प्रकार महिलाओं के लिए 15 में से कुल पांच ब्लाक प्रमुख पद आरक्षित रहेंगे। कौन सा ब्लाक किस वर्ग के लिए आरक्षित होगा, इसका निर्धारण स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। शासन के निर्देश पर पिछले दिनों आरक्षण आवंटन कर दिया गया था। अंतिम सूची जारी होने वाली थी, इससे पहले हाईकोर्ट ने आरक्षण आवंटन प्रक्रिया पर रोक लगा दी। अब नए सिरे से आरक्षण आवंटन किया जा रहा है।