- शाहगंज के पथौली में पुष्पांजलि सन सिटी में की वारदात

- महिला को बंधक बनाकर नकदी और आभूषण लूट ले गए

आगरा। थाना शाहगंज के पथौली स्थित गेट बंद कॉलोनी सन सिटी में शुक्रवार को दिनदहाड़े डकै ती को अंजाम दिया। दवा व्यवसायी के घर में महिला को बंधक बना आभूषण और नकदी ले गए। वारदात से कुछ देर पहले तक चीता पुलिसकर्मी कॉलोनी के गेट पर थे। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।

तीन साल पहले शिफ्ट हुआ परिवार

पुष्पांजलि सन सिटी पथौली, शाहगंज निवासी रवि यादव पुत्र नवाब सिंह की राम नगर की पुलिया पर शारदा मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान है। दो मंजिला मकान में रवि के अलावा पत्नी सविता, बेटा आकाश व विकास और बेटी भावना है। परिवार यहां पर तीन साल पहले ही रहने आया है। आकाश 12वीं एवं विकास और भावना हाईस्कूल में पढ़ते हैं। शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे रवि बेटे विकास व बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे। बेटा आकाश भी अपनी कोचिंग चला गया।

दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाश

दोपहर डेढ़ बजे करीब सविता बाथरूम में कपड़े धोने की तैयारी कर रहीं थीं। ड्राइंग रूम के पास वाले कमरे का दरवाजा खुला था। सात बदमाश बिना चेहरा ढके अचानक अंदर आए। बदमाश गैलरी से होते हुए कमरे में पहुंचे। बदमाश सविता से बोले कि यादवजी ने सबमर्सिबल के लिए बोला था। इस पर सविता ने मना कर दिया। इसी के बाद बदमाशों ने हमला कर दिया।

हाथ पैर बांध कर बाथरूम में किया बंद

बदमाशों ने सविता के हाथ पैर टेप से बांध दिए। बाथरूम में ले गए। उसका सिर दीवार व जमीन में दे मारा। वह बेहोश हो गई। बदमाशों ने कमरे में गद्दे के नीचे से अलमारी की चाबी निकाल ली। अलमारी से नकदी व ज्वैलरी समेट लिया। पौने दो बजे बदमाश निकल गए। सविता ने किसी तरह टेप खोला। पड़ोसी महिला को जानकारी दी। दिनदहाड़े वारदात से भीड़ जमा हो गई। रवि पहुंच गए। मौके पर एसपी सिटी सुशील घुले व सीओ आरपी यादव मय फोर्स के पहुंच गए।

कॉलोनी में खाली पड़े हैं प्लॉट

गेट बंद कॉलोनी के दो गेट हैं। आसपास खाली प्लॉट पड़े हैं। एक गेट पर ताला पड़ा है, जबकि दूसरा गेट खुला था। यहां पर रात में दो व दिन में एक गार्ड रहता है। हाल ही में नई सिक्योरिटी कम्पनी ने अपने गार्ड लगाए हैं। गार्ड ने कल से ही ड्यूटी शुरू की है। सुरक्षा गार्ड चोब सिंह निवासी सहारा मलपुरा ने बताया कि डेढ़ बजे तीन युवक आए थे। एक ने एंट्री रजिस्टर में गोविंद प्रसाद के नाम से एंट्री की। आने का कारण पूछने पर बदमाशों में से एक ने बताया कि मैं अपना प्लॉट दिखाने लाया हूं। करीब 15 मिनट बाद बदमाश आपस में बोलते हुए बाहर निकले कि इस कॉलोनी के प्लॉट बहुत महंगे हैं।

चार बदमाश आए बाउंड्री से

कॉलोनी के गेट से तीन बदमाश आए थे। लेकिन मकान में सात बदमाश एंटर हुए। माना जा रहा है कि चार बदमाश कॉलोनी की बाउंड्री लांघ कर अंदर आए थे। वारदात के बाद वहीं से चले भी गए।

कॉलोनी में लगातार हो रही वारदात

कॉलोनी में 50 से 60 मकानों की संख्या है। बड़ी संख्या में प्लॉट खाली पड़े हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार यहां पर वारदातों का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। तीन-चार दिन पहले से कॉलोनी में पर्स, कुण्डल आदि छिनैती की वारदात हो रही हैं। कॉलोनी के पास ही गुरुवार को बदमाशों ने नीलम पुत्री कालीचरन से चाकू के बल पर आभूषण उतरवा लिए थे। 10 दिन पहले शिक्षिका संगीता सिंह पत्नी अमित कुमार से भी कॉलोनी में बैग छीनने का प्रयास किया गया था। 15 दिन पूर्व पहले भी कॉलोनी के एक व्यक्ति को चाकू के बल पर लूट लिया गया था। इसके बाद यहां पर पुलिस की गश्त जारी थी। वारदात से करीब एक घंटा पहले ही चीता मोबाइल वहां से गई थी।

दो के हाथ में पिस्टल, एक के पास चाकू

पीडि़ता के मुताबिक बदमाशों में से एक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच थी, बाकि की उम्र कम थी। दो बदमाशों के हाथ में पिस्टल व एक के हाथ में चाकू था। बदमाश पैदल ही आए थे। घटना के बाद सिटी व देहात मुख्य बैरियरों पर सघन चेकिंग शुरू करा दी गई थी। एक बदमाश ने सफेद पेंट व काली शर्ट पहने थी।

इतना माल लूट ले गए बदमाश

मौके पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद लोग सीसीटीवी लगाने की बात कर रहे थे। पीडि़ता के मुताबिक बदमाश यहां से करीब सात से आठ तोला सोना व तीन सौ ग्राम चांदी के अलावा 33 हजार रुपये नकदी लूट ले गए हैं।

पुलिस आउट, बदमाश इन

क्षेत्रीय लोगों के अनुसार साढ़े 12 बजे चीता पुलिसकर्मी कॉलोनी के गेट पर थे। कुछ देर बाद करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने कॉलोनी के गेट पर दस्तक दी। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश आसपास ही थे। वे पुलिसकर्मियों के जाने का इंतजार कर रहे थे। चीता के जाते ही बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।