रोडवेज तैयार, बसों की नहीं होने दी जाएंगी मुश्किल

आगरा: रक्षाबंधन के अवसर पर भाइयों को राखी बांधने जा रही बहनों को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा करने को मिलेगी। शनिवार की रात 12 बजे से रविवार की रात 12 बजे तक बसों को महिलाओं के लिए निशुल्क कर दिया गया है। दूसरे राज्यों तक जाने की मुश्किल न हो इसलिए अंतरराज्यीय बसों का संचालन भी शुरू हो गया है। वहीं रविवार को दिनभर सिटी बसों में भी महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी कर रखी है।

बसों के लगेंगे अतिरिक्त फेरे

रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में 25 अगस्त तक रोडवेज बसों का अतिरिक्त बेड़ा तैयार है, लेकिन रविवार को विशेष व्यवस्था रहेगी। विभिन्न रूट की सवारियों की आवश्यकता अनुसार बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए जाएंगे। अतिरिक्त बसें डिपो में तैयार रहेंगी। भीड़ बढ़ने पर इनका प्रयोग किया जाएगा। सभी डिपो में प्रभारी की तैनाती की गई है। साथ ही बसों को सेनेटाइज करके ही निकालने के निर्देश दिए गए हैं। आईएसबीटी प्रभारी चंद्रहंस ने बताया कि यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए पूरी तैयारी है। दिल्ली, उत्तराखंड के लिए बसों का संचालन पहले से ही था। शनिवार से आगरा की सीमा से लगे जयपुर, राजस्थान के लिए भी बसों का संचालन शुरू हो गया है। रविवार को सिटी बसों में भी महिलाओं के लिए संचालन निशुल्क रहेगा। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी मनोज पुंडीर ने बताया कि मंडलायुक्त के निर्देश पर निर्णय लिया गया है।

बसों के लिए यात्रियों ने किया लंबा इंतजार

विभिन्न रूटों पर जाने के लिए शनिवार को आईएसबीटी, ईदगाह, बिजली घर बस स्टैंड पर पूरे दिन यात्रियों की भीड़ उमड़ी, जिनमें महिलाएं अधिक थीं। बसों का बेड़ा तैयार होने का दावा करने वाले रोडवेज की व्यवस्थाएं रखी रह गईं। सवारियां बसों के लिए भटकती रहीं, जिनको लंबे इंतजार के बाद बसें मिल सकीं। सर्वाधिक सवारियां हाथरस, लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, नोएडा, मथुरा, बांदा आदि की थीं।

यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए पूरी तैयारी है। दिल्ली, उत्तराखंड के लिए बसों का संचालन पहले से ही था। शनिवार से आगरा की सीमा से लगे जयपुर, राजस्थान के लिए भी बसों का संचालन शुरू हो गया है।

चंद्रहंस, प्रभारी, आईएसबीटी