आगरा (ब्यूरो)शहर में सिकंदरा स्थित कैलाश महादेव, बल्केश्वर स्थित बिल्वकेश्वर महादेव, राजपुर चुंगी स्थित राजेश्व्ज्ञर महादेव, शाहगंज स्थित पृथ्वीनाथ महादेव, रावतपाड़ा स्थित मनकामेश्वर मंदिर तथा एमजी रोड स्थित रावली महादेव प्रमुख शिवालय हैं। सभी मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। सुबह पांच बजे से ही मंदिरों के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे।

'महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिर को भव्य रूप दिया गया है। मन्दिर को पुष्प और रोशनी से जगमग किया गया है। इसके साथ ही भगवान शिव का श्रृंगार भी देर शाम तक पूरा कर लिया गया।'

- हरिहर पुरी, महंत मनकामेश्वर

'शिवरात्रि के पर्व पर परिवार के सभी सदस्य व्रत रखकर मंगल कामना करते हैं। पूजा-अर्चना के लिए जलाभिषेक किया जाता है। इसके साथ ही फलों में बेर, धतूरा व फूल भी भगवान शिव को अर्पित करते हैं।'

- सुनीता रानी

बल्केश्वर महादेव मन्दिर

यहां पर बुधवार से ही सजावट का कार्य शुरू कर दिया गया था, गुरुवार शाम तक मूर्तियों के श्रृंगार का कार्य पूरा कर लिया गया। इसके अलावा मन्दिरों के बाहर पूजा-अर्चना के लिए थाली में सामग्री रखीं गई हैं। शिवभक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

कैलाश शिवालय

इस मंदिर की बहुत मान्यता है, यहां शिवजी के दो स्वरूप हैं। सुबह से ही दोनों स्वरूपों का श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही यमुना किनारे स्थित इस मन्दिर में शिवजी का भव्य स्वरूप मनमोहित करने वाला रहा। भक्तों की सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।