- पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने किया सवाल

आगरा : पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता अरिदमन सिंह ने यमुना में गिर रहे नालों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि पिछले दो दशक में आगरा-मथुरा और फिरोजाबाद यमुना एक्शन प्लान के तहत जल निगम लगभग 10 हजार करोड़ रुपए खर्च कर चुका है। इसके बावजूद यमुना में गंदे नालों का गिरना बंद नहीं हुआ है। लगभग 61 नाले सीधे यमुना में अभी भी गिर रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने इस संबंध में नगर विकास मंत्री के साथ-साथ मुख्य सचिव व इस विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले में टेक्निकल ऑडिट सेल से भौतिक जांच कराने की मांग की है, जिससे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि 10 हजार करोड़ रुपए का निष्फल व्यय शासकीय धन के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार व गबन की श्रेणी में आता है। ऐसे में जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि जिला नियोजन अनुश्रवण समिति एवं जिला प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठकों में इस धन राशि के व्यय की कभी समीक्षा नहीं कराई गई है।