आगरा: सुबह से ही तेज धूप निकली, गुरुवार दोपहर में मौसम बदल गया। बादल छाने के साथ कई क्षेत्रों में पांच से 10 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। इसके बाद धूप निकल आई.अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को बारिश हो सकती है।

दिनभर उमस से परेशान रहे लोग

सुबह आठ बजे से धूप तेज हो गई। गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। दोपहर डेढ़ बजे बादल छा गए। बोदला, पश्चिमपुरी, शाहगंज सहित कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। इसके बाद धूप निकल आई। शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिली। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 33 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 36.2 दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य 25 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार से बादल छाने के साथ बारिश होगी। 23 अगस्त तक बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।