- सामान्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया तापमान

- शीत लहर चलने से ठिठुरते रहे लोग

आगरा। दो दिन से कोहरा और धुंध में छिपे रहे सूरज ने रविवार को कुछ तेवर दिखाए। सुबह से ही तेज धूप निकली, लेकिन सर्द हवा में लोग ठिठुरते रहे। शाम से सर्दी बढ़ गई, रात को शीत लहर चली। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बादल छाए रहेंगे, गलन भरी सर्दी पड़ेगी।

दो दिन बाद सुबह का घना कोहरा छट गया, धूप निकली। सुबह 10 बजे के बाद सूरज के तेवर तेज होते गए। दोपहर 12 बजे के बाद तेज धूप निकली, मगर सर्द हवा चलने लगी। दोपहर एक से तीन बजे तक धूप के साथ ही शीत लहर चली। छुट्टी के दिन लोग छतों पर धूप में बैठे रहे, चार बजे तक तेज धूप निकली। इसके बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा। अधिकतम आ‌र्द्रता 97 फीसद तक पहुंचने से गलन भरी सर्दी रही, लोग दिनभर ठिठुरते रहे। रात को शीत लहर चली, इससे अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 19.7 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक आठ रहा।

5 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बादल छाए रहेंगे और गलन भरी सर्दी पड़ेगी। मंगलवार को भी बादल छाए रहने की आशंका है। 25 दिसंबर से घना कोहरा पड़ेगा, इससे तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री के आस पास रहेगा।