- वीकेंड लॉकडाउन के चलते शनिवार और रविवार को रहेगी बंदी

- शुक्रवार को नमाज के चलते बंद रहेगा ताज

- वीकेंड में स्मारकों को खोलने या बंद रखने पर संशय

आगरा: कोरोना प्रोटोकॉल के साथ एएसआई ने ताजमहल सहित अन्य स्मारकों को खोल दिया गया है। लेकिन स्टेट की गाइडलाइन के चलते ताज सहित अन्य स्मारक वीकेंड कफ्र्यू में बंद रहेंगी। ताजमहल में शुक्रवार को भी बंदी रहेगी। इस तरह से सैलानी ताज का सप्ताह में केवल चार दिन ही दीदार कर पाएंगे।

वीकेंड को लेकर टेंशन

आर्केलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) द्वारा संरक्षित ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, मेहताब बाग, एत्माद्दौला, सिकंदरा समेत अन्य स्मारक बुधवार को खुल गए थे। यहां वीकेंड में पर्यटक अधिक आते हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता वीकेंड को लेकर अधिक है। सरकार ने शनिवार व रविवार को प्रदेश में लागू साप्ताहिक बंदी पर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। जिला प्रशासन ने भी कोई निर्देश इस संबंध में जारी नहीं किया है कि साप्ताहिक बंदी के दौरान स्मारक खुलेंगे या बंद रहेंगे। साप्ताहिक बंदी में अगर स्मारक नहीं खोले जाते हैं तो पर्यटक सप्ताह में केवल चार दिन सोमवार से गुरुवार तक ही ताजमहल देख सकेंगे। शुक्रवार को ताजमहल साप्ताहिक बंदी के चलते बंद रहता है। अन्य स्मारक सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन ही खुल सकेंगे। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि वीकेंड में स्मारकों को खोलने या बंद रखने को लेकर जिला प्रशासन का कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। जिला प्रशासन के जो दिशा-निर्देश होंगे, उनका पालन किया जाएगा।

कंफ्यूजन में टूरिस्ट्स को करना पड़ा वेट

स्मारकों को खोलने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश अस्पष्ट होने से समस्या खड़ी हो गई है। गुरुवार को सूर्याेदय के समय ताजमहल निहारने पहुंचे पर्यटकों को दो घंटे तक स्मारक के गेट खुलने का इंतजार करना पड़ा। सात बजे ताज में सैलानियों को प्रवेश दिया गया। नाइट कफ्र्यू लागू रहने तक स्मारक सुबह सात बजे ही खुलेंगे।

पहले दिन सूर्योदय पर खोले थे गेट

एएसआई द्वारा संरक्षित सभी स्मारक बुधवार को पर्यटकों के लिए दो माह बाद खोल दिए गए थे। ताजमहल में सबसे पहले सुबह 5:10 बजे ब्राजील की पर्यटक मेलिशा डेलारोजा ने प्रवेश पाया था। गुरुवार को सूर्योदय के समय ताजमहल के दीदार का ख्वाब संजोए पहुंचे पर्यटकों को स्मारक के पूर्वी व पश्चिमी गेट बंद मिले। उन्हें नाइट कफ्र्यू का हवाला देकर सुबह सात बजे तक इंतजार करने को कहा गया। सात बजे से उन्हें प्रवेश देना शुरू किया गया। स्मारक के बाहर बैठने की कोई व्यवस्था नहीं होने से पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ी। लाइसेंसधारक फोटोग्राफर भी गेट के बाहर खड़े रहे। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि प्रदेश में शाम सात से सुबह सात बजे तक नाइट कफ्र्यू लागू है। सुबह सात बजे से पहले हम पर्यटकों को स्मारक में प्रवेश नहीं दे सकते हैं। नाइट कफ्र्यू लागू रहने तक सभी स्मारकों में सुबह सात बजे से ही प्रवेश दिया जाएगा। बुधवार को कर्मचारियों को जानकारी नहीं होने की वजह से एक-दो पर्यटक सुबह सात बजे से पहले स्मारक में प्रवेश कर गए थे।

सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलते हैं स्मारक

देश में एएसआई संरक्षित सभी स्मारक सूर्योदय से सूर्यास्त तक खुलते हैं। ताजमहल इनमें अपवाद है। यहां सूर्योदय से आधा घंटे पहले पर्यटकों को प्रवेश दिया जाता है। पर्यटन संस्थाओं की मांग पर चार-पांच वर्ष पूर्व यह व्यवस्था की गई थी, जिससे कि पर्यटक सूर्योदय के समय ताजमहल निहार सकें। पूर्व में सूर्योदय के समय ही गेट खुलने पर टिकट व सुरक्षा जांच में पर्यटकों का समय बर्बाद हो जाता था।

----------

टिकट बुकिंग बंद करने को भेजा पत्र

एएसआई के आगरा सíकल ने दिल्ली मुख्यालय को शनिवार व रविवार को स्मारकों की टिकट बुकिंग नहीं करने को पत्र भेजा है। ऐसा इसलिए किया गया है, जिससे पर्यटक शनिवार व रविवार की एडवांस टिकट बुकिंग नहीं कर सकें। टिकट बुक होने के बाद कैंसिल नहीं होती है और पैसा भी रिफंड नहीं होता है।

वर्जन

जिला प्रशासन की गाइडलाइन का भी पालन किया जा रहा है। इस कारण वीकेंड में ताजमहल सहित अन्य मॉन्यूमेंट्स शनिवार-रविवार को बंद रहेंगे। इसके साथ ही स्मारकों को खोलने का समय सुबह सात बजे से होगा।

-वसंत कुमार स्वर्णकार, अधीक्षण पुरातत्वविद,एएसआई