आगरा। दहतोरा क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 7 जनवरी को पड़ोस में रहने वाली 10 साल की बच्ची के साथ भागवत कथा में परिक्रमा के लिए निकली थी। लेकिन देर-रात तक किशोरी घर नहीं लौटी, सहेली वापस घर आ गई। इस दौरान परिजनों ने किशोरी को काफी तलाश किया, लेकिन देर-रात तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका।

सिकंदरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दहतोरा से किशोरी का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने पीडि़त परिवार की तहरीर पर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद पिछले आठ दिन से पुलिस की टीम किशोरी का सुराग लगाने में लगी है। अभी तक इस मामले में पुलिस खाली हाथ है। किशोरी के परिजनों ने अनहोनी की आशंका व्यक्त की है।

सहेली ने किया कार का जिक्र
परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, इसके बाद किशोरी के साथ गई दस वर्षीय बच्ची के बारे मेेें जानकारी मिली। बच्ची ने पुलिस को बताया कि कार सवार युवक किशोरी को अपहरण करके ले गए थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। जिसमें पुलिस के हाथ कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दहतोरा से किशोरी के लापता होने पर परिजनों का बुरा हाल है। सात जनवरी को किशोरी घर से खाली हाथ निकली थी, किसी से उसका दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं हैं। ऐसे में पुलिस और परिजनों के लिए इसका सुराग लगाना चुनौती बन गया है कि किशोरी किसके पास है और सुरक्षित है या नहीं? परिजन किशोरी को लेकर अनहोनी की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।

पुलिस ने संबंधियों की मांगी लिस्ट
किशोरी का सुराग लगाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है, टीम ने किशोरी के घर के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की है, वहीं किशोरी के संबंधियों की भी लिस्ट मांगी है। किशोरी के मोबाइल फोन को भी सर्वलांस पर लगाया गया है।


पीडि़त की तहरीर पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। किशोरी के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला गया है। आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी हासिल की गई है। -बलवान सिंह, थाना प्रभारी