आगरा(ब्यूरो)। प्रेसिडेंट मो। इरफान अली का ताजनगरी में खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक तीन जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। ताज के गेट पर बृज की धरोहर मयूर नृत्य के जरिए प्रेसिडेंट का स्वागत हुआ। गोल्फ कार्ट से ताजमहल पहुंचे प्रेसिडेंट शाम 5.30 बजे ताजमहल पहुंचे और एक घंटे तक अंदर रहे। यहां उन्होंने हल्के कोहरे के साए में ताजमहल को निहारा।

क्या कारीगरों के काटे थे हाथ
प्रेसिडेंट ने गाइड नितिन सिंह से पूछा कि क्या ताजमहल बनाने वाले कारीगरों के हाथ काट दिए गए थे ? ऐसा उन्होंने सुना है, जिस पर गाइड नितिन सिंह ने उन्हें सच्चाई से अवगत कराया और कहा कि ऐसा नहीं हुआ। इसी तरह काले ताजमहल के बारे में प्रेसिडेंट ने पूछा। गाइड ने उन्हें गुंबद से ही महताब बाग दिखाकर उसका इतिहास बताया।

चमकते पत्थरों पर जताया अचरज
इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आए गयाना के प्रेसिडेंट ने पूरे प्रतिनिधिमंडल के साथ ताजमहल का भ्रमण किया। यहां शाहजहां और मुमताज महल की कब्र को देखने पर उन्होंने रंगीन पत्थरों के चमकने पर अचरज जताया और टार्च की रोशनी में दमकते संगमरमर का वीडियो अपनी टीम के वीडियोग्राफर को बुलाकर दोबारा बनवाया। यहां कुरान की आयतों के बारे में उन्होंने गाइड नितिन सिंह से जानकारी ली।

विजिटर बुक में लिखा संदेश
ताजमहल में एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ। राजकुमार पटेल ने प्रेसिडेंट का स्वागत किया। रॉयल गेट पर विजिटर बुक में प्रेसिडेंट ने एक ओर लिखा - गॉड ब्लैस दि पीपुल ऑफ आगरा एंड इंडिया। उसके बराबर ही उन्होंने कमेंट में लिखा कि भारत ने दुनिया को ताजमहल के रूप में दुनिया को तोहफा दिया है। यह प्यार के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने गाइड से कहा कि वह दोबारा परिवार के साथ ताजमहल देखने जरूर आएंगे। ताजमहल बेमिसाल है। जितना ताजमहल के बारे में सुना था, उससे बेहतर निकला। ताज भ्रमण के समय डीएम नवनीत सिंह चहल, पुलिस कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।