आगरा: ऑटो में बैठी महिला का पर्स लूटकर दो लुटेरे एक घर में घुस गए। घर में मौजूद युवती ने लुटेरे के डंडा मार दिया। इससे गुस्साए लुटेरे ने युवती को छत से नीचे फेंक दिया। लोगों ने दो लुटेरों को दबोच पर्स बरामद कर लिया। तीसरा मौके से फरार हो गया। छत से फेंकने पर घायल हुई युवती को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पब्लिक ने दबोचे लुटेरे

पुलिस के अनुसार, टेढ़ी बगिया के प्रकाशपुरम निवासी आरती मंगलवार दोपहर 1.30 बजे टेढ़ी बगिया चौराहा से रामबाग के लिए आटो में बैठी थीं। तभी लुटेरा उनके हाथ से पर्स लूट भागने लगा। उसके दो साथियों ने भी दौड़ लगा दी। लोगों ने पीछा कर पर्स लूटकर भागते लुटेरे को दबोच लिया। उसने अपना नाम खेरिया मोड़ निवासी इरशाद बताया। उससे आरती का पर्स भी बरामद हो गया। उसके दोनों साथी पार्वती विहार कालोनी पहुंच प्रेमचंद शर्मा के घर में घुसकर छत पर पहुंच गए। प्रेमचंद शर्मा की बेटी पल्लवी लुटेरों के पीछे दौड़ी, छत पर खड़े लुटेरे को डंडा मार दिया। इससे बौखलाए लुटेरे ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। तब तक लोग पहुंच गए, एक लुटेरे को दबोच लिया।

ट्रांसयमुना के रहने वाले हैं लुटेरे

उसने अपना नाम ट्रांस यमुना कालोनी निवासी सोहेल बताया। उसका साथी मौके से फरार हो गया। पल्लवी को गोयल सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उसके पैर में फ्रैक्चर और सीने में चोट है। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। पकड़ने के बाद जनता ने दोनों लुटेरों को खूब सबक सिखाया। इसके बाद पुलिस के सिपुर्द कर दिया।