ज्वैलरी, कैश सहित 11 लाख का कीमती सामान ले गए चोर

छत्त की कुंडी खोलकर किया शातिर चोरों ने घर में प्रवेश

आगरा। शहर में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। आए दिन बदमाश घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार रात बदमाशों ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे पोहप सिंह राजावत के घर धावा बोल दिया। बदमाश घर के अंदर से कैश और ज्वैलरी सहित 11 लाख रुपये का कैश चोरी कर ले गए। पीडि़त परिवार को घटना की जानकारी रविवार सुबह जागने पर हुई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।

घर से संदूक उठाकर ले गए चोर

एकता चौकी स्थित गांव लोधई निवासी पोहप सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके हैं। शनिवार रात को वह परिवार सहित घर में सो रहे थे। देर रात बाद किसी समय चोरों ने छत के रास्ते से घर में प्रवेश किया। परिजन जिस कमरे में सो रहे थे, उसके बराबर वाले कमरे में वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से ताला लगा एक संदूक उठा ले गए। सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे में अस्त-व्यस्त समान पड़ा देखा और संदूक गायब था।

12 तोले सोना, 5 कैश की नगदी गायब

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की जांच के दौरान जानकारी हुई कि बदमाशों द्वारा ले जाया गया संदूक भैंस के बाड़े के पीछे पड़ा हुआ है। उसमें रखे जेवर, कैश आदि कीमती सामान गायब थे। उसमें रखे कपड़े बदमाश छोड़ गए। पीडि़त गृहस्वामी ने बताया कि संदूक में 12 तोले सोना और 5 लाख रुपए कैश रखा हुआ था। बदमाशों ने आसपास के दो घरों में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां से उनके हाथ कुछ नहीं लगा।

छत से कुंडी खोल किया घर में प्रवेश

छत के गेट की कुंडी खराब थी। इसीलिए बदमाश छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। पुलिस ने हैरानी भी जताई कि बदमाश आए और वारदात कर निकल गए, लेकिन कमरे में सो रहे परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। इंस्पेक्टर ताजगंज नरेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी गया सामान बढ़-चढ़कर बताया जाना प्रतीत होता है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।